25000 करोड़ रुपये का IPO, देश के सबसे बड़े आईपीओ को मिली सेबी की मंजूरी, जानें कौन है यह कंपनी
नई दिल्ली: बाजार नियामक सेबी ने कार निर्माता कंपनी हुंडई मोटर्स और फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी के आईपीओ को मंजूरी दे दी है। हुंडई देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ लेकर आ रही है। इस आईपीओ का साइज 25 हजार करोड़ रुपये है। इस आईपीओ के अगले महीने यानी अक्टूबर में लॉन्च होने की उम्मीद है। इसका प्राइज बैंड क्या होगा, अभी इसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह आईपीओ एलआईसी के बाद देश का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। एलआईसी के आईपीओ का साइज 21 हजार करोड़ रुपये था। यह आईपीओ साल 2022 में आया था।
हुंडई ने आईपीओ के लिए सेबी के पास इस साल जून में अपना आईपीओ प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था। हुंडई इंडिया का आईपीओ हुंडई की कोरियाई पैरेंट द्वारा बिक्री के लिए एक ऑफर होगा। यानी ये शेयर ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) के तहत जारी किए जाएंगे। कंपनी की ओर से कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। कंपनी को इस ऑफर के माध्यम से अपनी इक्विटी का लगभग 17 फीसदी हिस्सा कम करने की उम्मीद है।
17 फीसदी हिस्सेदारी के लिए अनुमानित 3 बिलियन डॉलर की पेशकश से कंपनी का मार्केट कैप करीब 18 बिलियन डॉलर यानी 1.5 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में भारत की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी का मार्केट कैप 4 लाख करोड़ रुपये, एमएंडएम का 3.8 लाख करोड़ रुपये और टाटा मोटर्स का 3.6 लाख करोड़ रुपये है।
फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी के आईपीओ को भी मंजूरी मिल गई है। स्विगी के आईपीओ का साइज 11,700 करोड़ रुपये है। यह देश का अब तक का 5वां सबसे बड़ा आईपीओ होगा। बेंगलुरू स्थित इस कंपनी ने इस साल अप्रैल में सेबी के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे। स्विगी के 33 फीसदी हिस्सेदारी वाले सबसे बड़े शेयरधारक प्रोसस और सॉफ्टबैंक जैसे प्रमुख निवेशक ओएफएस के माध्यम से अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेच सकते हैं।











