जल्द ही आप अपने UPI पेमेंट ऐप से ही शॉपिंग कर पाएंगे। लोगों को UPI ऐप के बाहर आए बिना ही शॉपिंग करने का मौका मिलेगा। गूगल भारत में अपने गूगल पे ऐप के अंदर एक नया शॉपिंग फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इसके जरिए यूजर्स फैशन प्रोडक्ट्स देख सकेंगे, चुनिंदा कपड़ों को वर्चुअली पहनकर भी देख सकेंगे और फोटोज की मदद से मिलते-जुलते आइटम ढूंढ सकेंगे। कंपनी ने भारत में कुछ चुनिंदा गूगल पे यूजर्स के लिए ऐप में एक नया डिस्कवर टैब पेश किया है। इस फीचर के जरिए पेमेंट ऐप पर फैशन और लाइफस्टाइल के प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे यूजर्स को कपड़े ढूंढने, नए आउटफिट आइडिया पाने और खरीदारी करने से पहले यह देखने का मौका मिलेगा कि कोई खास कपड़ा उन पर कैसा लगेगा। हालांकि, सवाल यह उठता है कि क्या किसी पेमेंट ऐप को शॉपिंग ऐप वाली सुविधा देनी चाहिए। यह यूजर्स के लिए कितना सही होगी।
60 अरब से ज्यादा प्रोडक्ट्स की लिस्टिंग
गूगल का कहना है कि इस नए सेक्शन में उसके शॉपिंग ग्राफ का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें 60 अरब से ज्यादा प्रोडक्ट्स की लिस्टिंग मौजूद है। इसमें यूट्यूब का कंटेंट, विजुअल सर्च टूल्स और AI पावर्ड वर्चुअल ट्राई-ऑन तकनीक को एक साथ लाया जाएगा। फिलहाल कंपनी इसे एक पायलट प्रोग्राम के तौर पर चला रही है और यूजर्स के फीडबैक के आधार पर इस एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने की योजना है।
डिस्कवर टैब यूजर्स को उनकी पसंद के हिसाब से फैशन और कपड़ों के प्रोडक्ट्स दिखाएगा। प्रोडक्ट्स की लिस्टिंग के साथ-साथ उनसे जुड़े यूट्यूब वीडियो भी दिखाई देंगे। गूगल के अनुसार, ये यूजर्स की गूगल एक्टिविटी से ली गई जानकारी पर आधारित होंगे।
ट्राई ऑन यू की सुविधा
इसके मेन फीचर्स में से ट्राई ऑन यू (Try on You) है। इसमें यूजर्स अपनी एक फोटो अपलोड कर सकते हैं और देख सकते हैं कि चुने गए कपड़े पहनने पर उन पर कैसे लगेंगे। यूजर्स किसी भी प्रोडक्ट की लिस्टिंग में जाकर इस ऑप्शन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
डिस्कवर टैब में गूगल लेंस के जरिए विजुअल सर्च की सुविधा भी मिलेगी। यूजर्स किसी फोटो को अपलोड करके या अपने फोन के कैमरे से किसी आइटम को स्कैन करके, ऑनलाइन उससे मिलते-जुलते प्रोडक्ट्स सर्च कर सकते हैं। इससे लोगों को किसी कपड़े का नाम टाइप करके सर्च करने के बजाय फोटो में देखी गई चीज के आधार पर कपड़े ढूंढने में मदद मिलेगी। हालांकि, खरीदारी की पूरी प्रक्रिया गूगल पे के जरिए नहीं होगी। जब यूजर कोई प्रोडक्ट चुन लेगा, तो उसे पेमेंट पूरा करने के लिए विक्रेता की वेबसाइट पर भेज दिया जाएगा।
Google Pay में Try on You और Google Lens का इस्तेमाल कैसे करें
Google का कहना है कि यह देखने के लिए कि उनके डिवाइस पर Discover टैब उपलब्ध है या नहीं, यूजर्स को Google Pay को लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड करना होगा। यह फीचर अभी कुछ ही लोगों के लिए रोल आउट किया जा रहा है, इसलिए यह तुरंत सभी को दिखाई नहीं देगा। अगर यह टैब उपलब्ध है, तो यूजर्स इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
सबसे पहले Google Pay ओपन करें और नीचे दिए गए नेविगेशन बार में Discover बटन पर टैप करें।
प्रोडक्ट फीड देखें और उस आइटम को चुनें, जिसे आप एक्सप्लोर करना चाहते हैं।
Try on You चुनें और अपनी एक फोटो अपलोड करें, ताकि आप देख सकें कि वह कपड़े का आइटम आप पर कैसा लगेगा।
इसी तरह के अन्य प्रोडक्ट खोजने के लिए यूजर्स को Google Lens आइकन पर टैप कर सकते हैं और अपने फोन के कैमरे का इस्तेमाल करके कोई इमेज अपलोड कर सकते हैं या किसी आइटम को स्कैन कर सकते हैं।

