TRAI के निर्देश के बाद आखिरकार तीनों प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों ने सिर्फ कॉलिंग वाले वॉइस प्लान पेश कर दिए हैं। ये प्लान उन लोगों को ध्यान में रखकर उतारे गए हैं, जो फोन को इंटरनेट चलाने के लिए नहीं बल्कि सिर्फ कॉलिंग के लिए इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा वे लोग जो अपने दूसरे सिम को एक्टिव रखना चाहते हैं, वे भी इन कॉलिंग प्लान का फायदा उठा सकते हैं।
हालांकि, अब सवाल उठता है कि किसका कॉलिंग प्लान सबसे फायदेमंद है और Jio, Airtel या Vi में से किसके ग्राहक कॉलिंग प्लान को लेकर फायदे में रहे हैं?
शुरुआती कीमत में Jio सबसे बेहतर
अगर बात करें कॉलिंग प्लान की शुरुआती कीमत की तो इस मामले में बाजी Jio मार ले जाता है, जिसने 22 दिन की वैलेडिटी के साथ 147 रुपये का प्लान पेश किया है। इस प्लान में यूजर को 300 SMS मिल जाते हैं।
अगला नंबर Vi का आता है, जिसका 25 दिनों का कॉलिंग प्लान 179 रुपये से शुरू होता है।
सबसे आखिर में एयरटेल के वॉइस प्लान की शुरुआत 185 रुपये से होती है, जिसमें 28 दिन की वैलेडिटी मिल जाती है। ऐसे में कीमत के लिहाज से सबसे सस्ता प्लान Jio का आता है।
28 और 30 दिनों वाले प्लान भी Jio के सस्ते
28 दिन की वैलिडिटी के हिसाब से Jio 177 रुपये में प्लान ऑफर करता है। वहीं इतने दिनों की वैलिडिटी के लिए Vi और Airtel यूजर्स से 185 रुपये चार्ज करते हैं। ऐसे में 28 दिन की वैलेडिटी वाले प्लान में Jio बाकी कंपनियों से 8 रुपये सस्ता पड़ता है।
इसके अलावा 30 दिन की वैलिडिटी चाहने वालों के लिए जियो का प्लान 196 रुपये का है, जबकि एयरटेल और वोडाफोन आइडिया दोनों इतने समय की वैलिडिटी के लिए 203 रुपये वसूल रहे हैं। ऐसे में 30 दिन वाले प्लान के लिए भी Jio बाकी दोनों कंपनियों से 7 रुपये कम वसूल रहा है।
इन सभी पैक्स में अनलिमिटेड लोकल, एसटीडी और रोमिंग कॉलिंग के साथ 300 SMS मिलते हैं लेकिन कीमत के मामले में जियो हर महीने कुछ रुपयों की सीधी बचत कराता है।
कैलेंडर मंथ में भी Jio मार ले गया बाजी
तीनों टेलीकॉम कंपनियों ने मंथली प्लान यानी कि पूरे महीने चलने वाला प्लान भी पेश किया है। इस प्लान को अगर आप महीने की 5 तारीख को रिचार्ज कराते हैं, तो आपको अगला रिचार्ज अगले महीने 5 तारीख को कराना होगा।
Vi और एयरटेल के मंथली प्लान की कीमत 206 रुपये है। वहीं Jio मंथली प्लान 197 रुपये में लेकर आया है। ऐसे में मंथली प्लान के मामले में भी Jio, Airtel और Vi से 9 रुपये कम ले रहा है।
लंबी वैलेडिटी के ऑप्शन भी Jio के पास
फिलहाल Airtel और Vi एक महीने से ज्यादा लंबी वैलिडिटी के कॉलिंग प्लान लेकर नहीं आए हैं। वहीं Jio ने 84 दिन की वैलिडिटी के साथ 448 रुपये का प्लान उतारा है, जिसमें 1000 SMS भी मिलते हैं।
इसके अलावा एक प्लान 1748 रुपये का भी है, जिसमें 336 दिनों की वैलिडिटी और 3600 SMS मिलते हैं। संभव है कि जल्द Vi और Airtel भी 84 दिन और साल भर की वैलिडिटी वाले प्लान पेश करें।
किस टेलीकॉम कंपनी के ग्राहक फायदे में?
तीनों टेलीकॉम कंपनियों के कॉलिंग प्लान सामने आने के बाद साफ है कि सबसे ज्यादा फायदे में Jio के ग्राहक रहे हैं। जिन्हें न सिर्फ कम कीमत में शुरुआती कॉलिंग प्लान मिल जाता है बल्कि बाकी ऑप्शन भी Airtel-Vi से सस्ते हैं।
इसके अलावा गौर करने वाली बात है कि Jio ने TRAI Mandated Packs के नाम से अलग सेक्शन बनाकर इन कॉलिंग प्लान को उतारा है। वहीं Airtel और Vi ने अपने ऐप या वेबसाइट पर इन कॉलिंग प्लान को ढूंढना इतना आसान नहीं बनाया है।

