पेशाब करते समय जलन या दर्द होना अक्सर यूटीआई का संकेत माना जाता है। लेकिन हर बार इसकी वजह बैक्टीरियल इन्फेक्शन नहीं होती। कुछ महिलाओं में वजाइनल इंफेक्शन, कुछ लोगों में एसटीआई (STI), जबकि अन्य में किडनी या ब्लैडर की पथरी भी ऐसे लक्षण पैदा कर सकती है। इसके अलावा इंटरस्टीशियल सिस्टाइटिस (Interstitial Cystitis) जैसी क्रोनिक समस्या में भी बार-बार पेशाब आने और ब्लैडर में दर्द की शिकायत हो सकती है।
इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर खुद से यूटीआई की दवा या एंटीबायोटिक लेना सही नहीं है। आगे समझते हैं कि यूटीआई जैसी परेशानी किन दूसरी स्थितियों में हो सकती है और सही कारण की पहचान कैसे की जाती है।
यूटीआई के बिना पेशाब में जलन या दर्द क्यों होता है?
क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार पेशाब में जलन या दर्द को मेडिकल भाषा में Dysuria कहा जाता है। इसका मतलब जरूरी नहीं कि ब्लैडर में ही संक्रमण हो। कई बार पेशाब के संपर्क में आने पर वेजाइना के आसपास की त्वचा में सूजन और जलन भी दर्द का एहसास कराती है।
इसके अलावा साबुन, परफ्यूम वाले इंटिमेट वॉश, बबल बाथ, सैनिटरी प्रोडक्ट या कुछ लुब्रिकेंट से होने वाली जलन भी पेशाब करते समय परेशानी पैदा कर सकती है। मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन कम होने से वजाइना और यूरीनरी ट्रैक्ट के आसपास के टिश्यू पतले और संवेदनशील हो सकते हैं। इस स्थिति में भी जलन, बार-बार पेशाब आने और असहजता की शिकायत हो सकती है।
अमेरिकन फैमली फिजीशियन के अनुसार, डाइसूरिया (Dysuria) के कारणों में यूटीआई के अलावा एसटीआई,वैजिनाइटिस, त्वचा की समस्याएं, पथरी और इंटरस्टीशियल सिस्टाइटिस जैसी स्थितियां भी शामिल हैं।
क्या वैजाइनल यीस्ट इंफेक्सन या बैक्टीरियल वैजिनोसिस को यूटीआई समझा जा सकता है?
महिलाओं में वजाइना से जुड़े संक्रमण भी पेशाब करते समय जलन का कारण बन सकते हैं। इनमें वैजाइनल यीस्ट इंफेक्शन (Vaginal Yeast Infection) और बैक्टीरियल वैजिनोसिस (Bacterial Vaginosis -BV) प्रमुख हैं।
वैजाइनल यीस्ट संक्रमण: सीडीसी के अनुसार यह आमतौर पर कैंडिडा नाम के फंगस की अधिक वृद्धि के कारण होता है। इसमें योनि और उसके आसपास खुजली, लालिमा, सूजन, दर्द और गाढ़ा सफेद डिस्चार्ज हो सकता है। जब पेशाब सूजन वाली बाहरी त्वचा के संपर्क में आता है, तो जलन महसूस हो सकती है। इसे एक्सटर्नल डाइसूरिया कहा जाता है।
बैक्टीरियल वैजिनोसिस: सीडीसी के अनुसार इसमें योनि में मौजूद बैक्टीरिया का सामान्य संतुलन बिगड़ जाता है। इसके कारण पतला सफेद या ग्रे डिस्चार्ज, मछली जैसी गंध, योनि में जलन और कभी-कभी पेशाब करते समय परेशानी हो सकती है।
इन दोनों स्थितियों में यूटीआई जैसे कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इनका इलाज अलग होता है। इसलिए बिना जांच के एंटीबायोटिक या एंटीफंगल दवा लेना सही नहीं है। डॉक्टर जरूरत के अनुसार वजाइना के डिस्चार्ज का सैंपल लेकर संक्रमण की पहचान कर सकते हैं।
क्या किडनी या ब्लैडर स्टोन्स भी पेशाब में दर्द और खून आने की वजह हैं?
एनआईएच के अनुसार किडनी या ब्लैडर में बनने वाली पथरी भी यूटीआई जैसे लक्षण पैदा कर सकती है। ये पथरियां मिनरल और नमक के ठोस जमाव से बनती हैं। जब किडनी की पथरी मूत्रवाहिनी (Ureter) में फंसती है, तो पीठ या कमर के एक तरफ तेज दर्द हो सकता है। यह दर्द पेट के निचले हिस्से या जांघ के बीच वाले हिस्से तक भी पहुंच सकता है। कुछ लोगों को मतली, उल्टी और पेशाब में खून आने की शिकायत होती है।
वहीं एनएचएस के मुताबिक ब्लैडर स्टोन में निचले पेट में दर्द, पेशाब करते समय जलन, बार-बार पेशाब आने और पेशाब में खून दिखने जैसे लक्षण हो सकते हैं। कुछ मामलों में पेशाब की धार रुक सकती है या व्यक्ति को ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने का एहसास होता है।
इंटरस्टीशियल सिस्टाइटिस में ब्लैडर और पैल्विक एरिया में दर्द होना?
एनआईएच के मुताबिक इंटरस्टीशियल सिस्टाइटिस, जिसे ब्लैडर पेन सिंड्रोम भी कहा जाता है, ब्लैडर से जुड़ी एक क्रोनिक समस्या है। इसमें व्यक्ति को ब्लैडर या पेल्विक एरिया में दर्द, दबाव या असहजता महसूस हो सकती है। बार-बार पेशाब आने और अचानक तेज यूरिन जाने की इच्छा महसूस होने की शिकायत भी हो सकती है। इसकी एक खास बात यह है कि इसके लक्षण यूटीआई जैसे हो सकते हैं, लेकिन इसमें सामान्य बैक्टीरियल संक्रमण नहीं मिलता। कुछ लोगों को ब्लैडर भरने के साथ दर्द बढ़ता हुआ महसूस होता है और पेशाब करने के बाद कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।
पेशाब में जलन, दर्द और बार-बार टॉयलेट जाने की इच्छा हमेशा यूटीआई का संकेत नहीं होती। वैजाइनल यीस्ट इंफेक्शन, बैक्टीरियल वैजिनोसिस, किडनी या ब्लैडर की पथरी, इंटरस्टीशियल सिस्टाइटिस और एसटीआई भी ऐसे लक्षण पैदा कर सकते हैं। इन सभी स्थितियों का इलाज अलग-अलग होता है। इसलिए सही कारण जानने के लिए जरूरत के अनुसार यूरिन टेस्ट, कल्चर, एसटीआई टेस्ट या इमेजिंग कराना जरूरी हो सकता है। लक्षणों को नजरअंदाज करने या खुद से दवा लेने के बजाय समय पर डॉक्टर से सलाह लें।

