वॉशिंगटन: ईरान के सिक्योरिटी चीफ मोहसिन रेजाई ने अमेरिका को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनके देश पर हमला होता है तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। रेजाई ने कहा कि अगर कोई हमला होता है तो इस बार तेहरान का जवाब केवल मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं होगा। तेहरान इस बार यूरोप या दूर इलाके में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है। मोहसिन रेजाई ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी हैं। यह संस्था देश के राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले की देखरेख करती है और इसकी आवाज को सुप्रीम लीडर की आवाज के रूप में देखा जाता है।
बुधवार को रेजाई का एक इंटरव्यू लेबनान के अल मयादीन टीवी पर प्रसारित हुआ। इसमें रेजाई ने कहा अगर अमेरिकी कोई गलती करते हैं और हम पर हमला करते हैं तो हम केवल आस-पास के ठिकानों तक ही सीमित नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान यूरोपीय देशों में मौजूद अमेरिकी मिलिट्री बेस को निशाना बना सकता है।
अगर अमेरिकी विमान ईरान पर बमबारी करने के लिए किसी अमेरिकी सैन्य अड्डे से उड़ान भरते हैं, चाहे वह अड्डा किसी यूरोपीय देश में हो या किसी अन्य दूर-दराज इलाके में, तो उन अड्डों पर भी हमला करेंगे।
मोहसिन रेजाई, ईरान सिक्योरिटी चीफ
ईरान के डर से अमेरिका ने हटाए सैन्य विमान
रेजाई का बयान ऐसे समय में आया है जब ब्रिटेन और कुछ दूसरे देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर चिंता जताई गई है। हाल ही में अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट को ब्रिटेन के सैन्य अड्डों से हटाने की जानकारी सामने आई है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इसी सप्ताह अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ईरान से खतरे की आशंका के चलते अमेरिका ने ब्रिटेन के एक एयरबेस से अपने बड़े ईंधन भरने वाले विमानों को हटा लिया था। तीन महीनों के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना थी।
ईरान से नहीं जाने देंगे यूरेनियम
इसी इंटरव्यू में मोहसिन रेजाई ने ईरान के संवर्धित यूरेनियम पर भी बात की और कहा कि इसका एक कतरा भी देश के बाहर नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, "हम एनरिच्ड मैटेरियन का एक भी कण ईरान से बाहर नहीं जाने देंगे।" उन्होंने आगे कहा, "हमने अपने रूसी दोस्तों को बता दिया है कि सारी संवर्धित सामग्री ईरान के भीतर ही रहेगी और हम खुद ही इसका इस्तेमाल करेंगे।"
रेजाई ने अमेरिका के साथ बातचीत जारी रहने की खबरों को खारिज कर दिया। ईरानी सिक्योरिटी चीफ ने कहा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है। ईरान ने अमेरिका के सामने 7 शर्तें रखी हैं और साफ जवाब का इंतजार कर रहा है।

