इस्लामाबाद/नई दिल्ली: पाकिस्तान में भारत के 'चिनाब-ब्यास सुरंग परियोजना' से खलबली मची हुई है। इस्लामाबाद ने कहा है कि भारत के इस प्रोजेक्ट से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर खतरनाक असर होगें। पाकिस्तान ने इस प्रोजेक्ट को 'सिंधु जल संधि' का उल्लंघन बताया है जिसे पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 'स्थगित' कर दिया था।
चिनाब-ब्यास सुरंग परियोजना क्या है?
चिनाब-ब्यास लिंक सुरंग प्रोजेक्ट चिनाब नदी पर बनाया जा रहा एक इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है। इसे भारत सरकार हिमाचल प्रदेश में करीब 2532 करोड़ रुपये से बनवा रही है।
इसमें 8.7 किलोमीटर का एक सुरंग भी है जिसका काम चिनाब बेसिन से अतिरिक्त पानी को ब्यास नदी की ओर मोड़ना होगा।
ये पूरा प्रोजेक्ट सिंधु नदी सिस्टम से जुड़ा है जिसमें चिनाब, झेलम, रावी, ब्यास और सतलुज नदियां शामिल हैं।
इस परियोजना के पहले फेज में चंद्र नदी पर 19 मीटर ऊंचा बैराज भी बनाया जाएगा। यह हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी में कोक्सर गांव के पास स्थित है।
'साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स रिवर्स एंड पीपल' नाम के एक ब्लॉग पर लिखा गया है कि 10,300 फीट की ऊंचाई पर बनने वाले इस 19 मीटर ऊंचे कंक्रीट बैराज और स्टिलिंग बेसिन को एक गहरी 'प्लास्टिक कंक्रीट कट-ऑफ ट्रेंच' यानि खाई के ऊपर बनाया जाएगा। इसके साथ ही किनारों की तरफ मजबूत पावर इनटेक ढांचे भी तैयार किए जाएंगे।
सिंधु नदी सिस्टम पर भारत के दो प्रोजेक्ट
इसके अलावा भारत सिंधु नदी बेसिन में दो महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं पर भी काम कर रहा है। पबला चिनाब नदी पर बन रही 1000 मेगावाट की पाकल दुल और दूसरा 624 मेगावाट की किरू प्रोजेक्ट। सरकार ने इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए दिसंबर के अंत तक की समय-सीमा तय की है। वहीं दिप्रिंट ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया है कि दोनों प्रोजेक्ट्स शुरू हो चुके हैं और अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में ये प्रोजेक्ट से बिजली उत्पादन शुरु हो जाएंगे। भारत के सिंधु जल संधि सस्पेंड किए जाने के बाद पश्चिमी नदियों पर बनने वाली पहली जलविद्युत परियोजनाएं होंगी।
सिंधु जल संधि क्या है जिसे भारत ने स्थगित कर रखा है?
सिंधु जल संधि भारत को सिंधु बेसिन की तीन पूर्वी नदियों रावी, ब्यास और सतलुज के पानी पर पूरा अधिकार देती है।
सिंधु प्रणाली के कुल पानी का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं नदियों से आता है।
वहीं पाकिस्तान को तीन पश्चिमी नदियों सिंधु, झेलम और चिनाब के पानी का बेरोकटोक इस्तेमाल करने की छूट थी जो सिंधु नदी प्रणाली के कुल पानी का लगभग 80 प्रतिशत है।
हालांकि सरकारी अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर ये भी बताया कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ही बिजली उत्पादन में कुछ समय लगेगा क्योंकि कई तरह के परीक्षण किए जाते हैं। सिस्टम्स को बार बार जांचा जाता है, बांध में पानी भरा जाता है फिर खाली किया जाता है, उसकी क्षमता की कई स्तर पर जांच की जाती है और हर पैमाने पर तसल्ली मिलने के बाद ही बिजली उत्पादन का काम शुरू होगा।
यानि भारत चिनाब-ब्यास लिंक सुरंग प्रोजेक्ट, पाकल दुल और किरू प्रोजेक्ट... तीन ऐसे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रहा है जिससे पाकिस्तान परेशान है। आपको याद होगा जब भारत ने सिंधु जल संधि को सस्पेंड किया था उस वक्त भारत में कई कथित एक्सपर्ट्स ने कहा था कि इसे स्थगित करने से पाकिस्तान का कुछ नहीं बिगड़ेगा लेकिन हकीकत ये है कि पाकिस्तान का बहुत कुछ बिगड़ रहा है और इसीलिए वो कह रहा है कि 'भारत के प्रोजेक्ट पाकिस्तान की इकोनॉमी के लिए खतरनाक हैं।'
पाकिस्तान क्यों भारतीय प्रोजेक्ट को बता रहा 'खतरनाक'?
पाकिस्तान ने खासकर चिनाब-ब्यास लिंक सुरंग प्रोजेक्ट को लेकर भारत की कड़ी आलोचना की है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा 'भारत ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी है और ना ही नोटिस ही दिया है। इस प्रोजेक्ट से साबित होता है कि भारत पानी को हथियार बनाना चाहता है और इसके पाकिस्तान की इकोनॉमी पर खतरनाक परिणाम हो सकते हैं।'
पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत के ये प्रोजेक्ट्स 'सिंधु जल संधि' का उल्लंघन करते हैं।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने ये भी कहा 'भारत सरकार की तरफ से जारी टेंडर डॉक्यूमेंट्स को हमने देखा है जो चिनाब-ब्यास लिंक प्रोजेक्ट से संबंधित है। इसका मकसद चिनाब नदी से 1.9 मिलियन एकड़ फीट पानी को ब्यास नदी में ट्रांसफर करना है। इस तरह की इंटर बेसिन प्रोजेक्ट सिंधु जल संधि का गंभीर उल्लंघन है।' इसके अलावा पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने सलाल बांध से जुड़ी इस परियोजना को 'बेहद चिंताजनक' बताया।
पाकिस्तान भारत के इस प्रोजेक्ट पर चिंता क्यों जता रहा है?
पाकिस्तान का कहना है कि भारत इन प्रोजेक्ट्स के जरिए सिंधु जल संधि का उल्लंघन कर रहा है।
सिंधु जल संधि पर वर्ल्ड बैंक की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान ने 19 सितंबर 1960 को साइन किए थे।
इस संधि के तहत 6 नदियों को दोनों देशों के बीच बांटा गया था.
तीन नदियां रावी, ब्यास और सतलुज भारत के हिस्से में आई जबकि सिंधु, झेलम और चिनाब पाकिस्तान को सौंपा गया।
इस संधि के बाद करीब 20 प्रतिशत पानी पर भारत का और लगभग 80 प्रतिशत पानी पर पाकिस्तान का नियंत्रण हो गया।
हालांकि भारत को पश्चिमी नदियों पर सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और नौवहन जैसे सीमित अधिकार मिले हुए हैं।
पाकिस्तान के हिस्से में चिनाब नदी का पानी आया था इसीलिए वो चिनाब नदी पर बनने वाले भारत के प्रोजेक्ट पर आपत्ति जता रहा है।

