शरद पूर्णिमा के मौके पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में श्री राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुमकुम अर्चन (एक करोड़ अर्चन) का अनुष्ठान शुरू हो गया है। आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हैं। सद्गुरु देव रावतपुरा सरकार आयोजन कर रहे हैं। 20 हजार कलश के ऊपर इतने ही दीपक लगाए गए हैं। इससे पूरा पांडान जगमगा उठा है।
अनुष्ठान में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी शामिल हैं।
मां राजराजेश्वरी को अर्पित की जाने वाली पूजन एवं हवन सामग्री देश के अलग-अलग राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से विशेष रूप से मंगवाई गई हैं। अनुष्ठान में करीब 238 तरह की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। यहां आने वाले लोगों को एक चावल का दाना भी अपने साथ नहीं लाना है। शाम 5.50 बजे वे अनुष्ठान स्थल पर पहुंच गए। वहीं, शाम 6 बजे तक धार्मिक आयोजन की शुरुआत हो गई है।
जीतू पटवारी बोले- अद्भुत और अकल्पनीय दृश्य
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि यह अद्भुत और अकल्पनीय दृश्य है। जीवन में पहली बार ऐसा मनोहर और विशाल आयोजन देखा है। ऐसे अनुष्ठान का हिस्सा बनकर हजारों लोगों ने प्रदेश और देश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की है। यह प्राचीन भारतीय परंपरा, सभ्यता और अध्यात्म का प्रतीक है। ऐसे दृश्य को देखकर मैं अभिभूत हूं।
महापौर मालती राय क्या बोलीं?
भोपाल महापौर मालती राय ने कहा कि माँ राजराजेश्वरी की एक करोड़ रुपए की पूजा-अर्चना होने जा रही है। भोपाल की जनता को समिति के माध्यम से माँ राजराजेश्वरी का आशीर्वाद मिलने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। मैं माँ राजराजेश्वरी का बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहती हूं कि आपने भोपाल की धरती को चुना और यहां की जनता को अपना आशीर्वाद देने का अवसर दिया।
7 चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्ट
शाम 6 बजे से मां श्री राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुमकुम अर्चन कार्यक्रम शुरू हो गया। इसमें भोपाल सहित अन्य जिलों से हजारों श्रद्धालु आए हैं। इसके चलते दोपहर 3 बजे से लाल परेड मैदान और आसपास के रास्तों पर यातायात डायवर्ट कर दिया गया है।
इस रूट का उपयोग करें लोग
एमपी नगर और हबीबगंज से वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक और एयरपोर्ट जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, रोशनपुरा, बाणगंगा और पॉलिटेक्निक होकर जा सकेंगे। हमीदिया रोड से रोशनपुरा की ओर जाने वाले यात्री और व्यावसायिक वाहन संगम तिराहा, बजरिया, 80 फीट रोड, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज, डीबी मॉल और बोर्ड ऑफिस होकर निकलेंगे।
इन चौराहों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव
संगम टॉकीज तिराहा, भारत टॉकीज चौराहा, लिली तिराहा, जिन्सी चौराहा, एमपी नगर चौराहा, रोशनपुरा और मछली घर क्षेत्र में जरूरत के अनुसार लगातार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों पर प्रतिबंध नहीं रहेगा।
रेलवे स्टेशन जाने वाले इन रास्तों से जाएं
भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 और नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहन पॉलिटेक्निक, रेतघाट, रॉयल मार्केट और हमीदिया रोड से जा सकेंगे। प्लेटफॉर्म नंबर-1 जाने के लिए सुभाष ओवरब्रिज, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड का रास्ता तय किया गया है। एयरपोर्ट और वीआईपी रोड की ओर लिंक रोड-1 बाणगंगा होकर जाएं।

