नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के उद्योग जगत को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए एक ऐसा सवाल उठाया, जो सीधे कॉरपोरेट जगत की भूमिका पर है। फिक्की (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के 1930 के संदेश का जिक्र किया और कहा कि करीब 100 साल बाद भी उन्हें उद्योगपतियों से वही बात दोहरानी पड़ रही है।
उन्होंने दो टूक कहा, 'मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो।' पीएम ने उद्योग जगत से स्वदेशी को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
'100 साल बाद भी बात वहीं की वहीं...'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि फिक्की की डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद उद्योग जगत को खुद तय करना चाहिए कि उसे अपना सिर गर्व से ऊंचा करना है या झुकाना है। उन्होंने कहा, 'आप सोचिए, 100 साल हो गए, लेकिन 1930 में गांधी आपके यहां आकर यही कहकर गए थे। इतने साल बाद भी मुझे वही बात दोहरानी पड़ रही है। यह आपकी सफलता है या विफलता?' मोदी ने आगे कहा कि गांधी ने भी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया था, लेकिन इतने वर्षों बाद भी उद्योग जगत को वही बात समझानी पड़ रही है।
'140 करोड़ लोगों को पक्का बाजार मत समझिए'
प्रधानमंत्री ने घरेलू बाजार को लेकर भी उद्योगपतियों को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों को ऐसा बाजार मानकर नहीं चलना चाहिए, जहां कोई भी सामान बेच दिया जाएगा। भारतीय कंपनियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारनी होगी। उन्होंने जोर दिया कि भारत में बनने वाले उत्पादों का स्तर अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुताबिक होना चाहिए, ताकि वे दुनिया में अपनी पहचान बना सकें।
20 साल के निवेश में 'इंडिया फर्स्ट' का मंत्र
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के निवेश फैसलों में 'India First' को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को सिर्फ घरेलू बाजार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि वैश्विक ग्राहकों की जरूरतों को समझने, बेहतर गुणवत्ता और मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर निवेश करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में उद्योग जगत की भूमिका बेहद अहम है। पीएम ने यह भी कहा कि विकसित भारत केवल नारा नहीं, बल्कि देश का संकल्प है।

