ग्वालियर के घाटीगांव में गांव का पुरा से गायब हुई डेढ़ वर्षीय मासूम मुस्कान का 4 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है।
त्योहार की खरीदारी करने गई मां जब घर लौटी तो बच्ची गायब थी। 100 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने और पुलिस की 10 से अधिक टीमों की रात-दिन सर्चिंग के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं।
अभी तक पुलिस को एक भी क्लू नहीं मिला है जिस पर जांच की राह तय की जा सके। जैसे-जैसे वक्त बीत रहा है, मासूम की सलामती को लेकर परिजन और पुलिस की चिंता गहराती जा रही है।
इतना ही नहीं मासूम के घर के आसपास घना जंगल है। पुलिस ने बच्ची की तलाश में यहां ‘ड्रोन’ तक उतार दिए हैं, लेकिन अपह्रत बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा है।
इस वारदात ने ग्वालियर में अतीत में हुए चर्चित सूर्यांश (07 सितंबर 2015) और रितेश पाल (01 नवंबर 2025 ) अपहरण कांड की कभी न भुलाने वाली यादें ताजा कर दी हैं।
अब मासूम को सुरक्षित ढूंढ निकालना ग्वालियर पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
मां खरीदारी करने गई दरवाजे से बच्ची का अपहरण
ग्वालियर के घाटीगांव के गांव का पुरा निवासी किसान घनश्याम सिंह अपने संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार (07 नवंबर) दोपहर करीब 1 बजे घनश्याम घर में पुताई कर रहे थे। उसी दौरान उनकी पत्नी अपनी 1.5 साल की बेटी मुस्कान को घर पर परिजनों के पास छोड़कर त्योहार का सामान खरीदने बाजार गई थीं। जब वह गई थीं तो बच्ची अपने चार साल के भाई के साथ खेल रही थी।
शाम करीब 4 बजे जब मां घर वापस लौटी तो मासूम मुस्कान गायब थी। परिजन ने पहले पूरे घर, गांव, आसपास के खेतों, गड्ढों और जंगलों में तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। इसके बाद देर रात घाटीगांव थाना पुलिस के पास पहुंचे।
अपहरण आशंका लेकर पहुंचे रात को थाना
परिजन रात को पुलिस के पास पहुंचे तो पूरी बात बताते हुए बच्ची के न मिलने पर उसकेअपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को भी समझते हुए देर नहीं लगी कि मामला बेहद गंभीर है। डेढ़ साल की बच्ची खुद से कहीं नहीं जा सकती है। इसलिए पुलिस ने तत्काल जंगल में सर्चिंग शुरू कर दी।
10 टीमों का सर्च ऑपरेशन, 100 से ज्यादा CCTV खंगाले पर सुराग शून्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल 10 से ज्यादा विशेष टीमें गठित कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की टीमों ने गांव और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले हैं।
इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और ग्रामीणों की मदद से आसपास के जंगलों और खाली मैदानों में रात-दिन सर्चिंग की जा रही है। पर अभी तक पुलिस को एक भी ऐसा सुराग नहीं मिला है जिस पर काम करके इस केस की जांच या तलाश की दिशा तय हो सके।
चार दिन बीते, बढ़ी चिंता
96 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई सुराग न मिलने से पुलिस और परिजन की नींद उड़ी हुई है। बच्ची बहुत छोटी है और उसके खुद कहीं जाने की संभावना बहुत कम है। यदि कोई ले गया है तो अभी तक कोई भी फिरौती कॉल नहीं आया है।
परिवार की स्थिति भी ऐसी नहीं है कि वह कोई फिरौती दे सकें। अब पुलिस दुश्मनी, रंजिश व नुकसान पहुंचाने की नीयत से किए गए अपहरण के एंगल पर जांच में जुटी है।
सूर्यांश और रितेश पाल कांड की यादें हुईं ताजा
मासूम के अचानक गायब होने से शहर में एक बार फिर पुराने हाई-प्रोफाइल अपहरण कांडों की चर्चा गर्म हो गई है। ग्वालियर पुलिस के लिए यह वह दो अपहरण कांड हैं जो आज भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। चलिए जानते हैं इन दो केस के बारे में कुछ खास।
सूर्यांश अपहरण कांड
ग्वालियर के पनिहार में रहने वाले ढाबा मालिक जयंत सोलंकी का तीन साल का बेटा सूर्यांश, 7 सितंबर 2015 को अपने फार्म हाउस में खेल रहा था। कुछ ही दूरी पर उसके दादा कल्याण सिंह बैठे थे।
दादी उर्मिला देवी और मां लक्ष्मी घर के अंदर काम में व्यस्त थीं। सुबह 8 बजे का समय था जरा सा ध्यान हटा तो फार्म हाउस के दरवाजे पर खेल रहा सूर्यांश लापता हो गया।
कुछ देर बाद जब बाबा ने देखा कि सूर्यांश नहीं है तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। परिजन ने पहले इसे अपने स्तर पर तलाश किया और उसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
आसपास के कुछ लोगों ने बताया कि एक कॉफी कलर की इंडिका कार में सवार लोग सूर्यांश का अपहरण कर ले गए हैं।
यह कार सीआरपीएफ की तरफ से आई और ग्वालियर शहर की तरफ गई थी। पुलिस ने इस क्षेत्र में घूमने वाले मवेशी चोरों से पूछताछ की, जंगल में नदी-नाले तलाश कर लिए। 11 साल बाद भी यह केस पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।
रितेश पाल अपहरण कांड
रितेश पाल के सनसनीखेज अपहरण कांड में भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। 01 नवंबर 2025 को मुरार के मोहनपुर गांव के कोने पर सपना पाल का मासूम बेटा तीन साल का रितेश पाल घर के आंगन में खेल रहा था। मां उसने खेलते छोड़कर उसके लिए दूध लेने चली गई।
जब दूध लेकर आई तो वह वहां नहीं था। आसपास काफी तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। ड्रोन से जंगल में सर्चिंग की है।
पहली बार पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए धर्म का सहारा लेकर गिरगांव के महादेव जिनको मजिस्ट्रेट महादेव कहा जाता है वहां पंचायत भी कराई है, लेकिन आज तक सिंगल क्लू पुलिस के पास नहीं है।
खुद प्रभारी एसपी ने की मुस्कान की मां से बातचीत
इस मामले में लगातार पुलिस ड्रोन उड़ा रही है, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। खुद प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी लगातार दो दिन से घाटीगांव पहुंच रहे हैं। मंगलवार को बच्ची की मां से बातचीत कर और उनको बताया कि वह उनकी बच्ची को जल्द तलाशकर उनकी गोद में देंगे।

