• गौरव खरे •
निवाड़ी। जिले के ओरछा निवासी अनूप खरे को आयोग द्वारा आगामी दो वर्षों के लिए निवाड़ी जिले के भौगोलिक क्षेत्र में आयोग मित्र (स्वयंसेवी) के रूप में नामांकित किया गया है। इस संबंध में आयोग के शोध अधिकारी संजय कुमार विश्वकर्मा द्वारा आधिकारिक पत्र जारी कर उन्हें नामांकन की सूचना दी गई है।
जारी पत्र के अनुसार आयोग द्वारा लिए गए निर्णय के तहत अनूप खरे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोग ने उम्मीद जताई है कि वे आयोग मित्र की भूमिका में निस्वार्थ एवं मानवीय सेवा भाव से कार्य करते हुए मानव अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
आयोग मित्र के रूप में अनूप खरे आयोग के संपर्क में रहकर मानव अधिकारों से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करेंगे तथा आम नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की समस्याओं को आयोग तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके लिए उन्हें आयोग मित्र शिकायत प्रकोष्ठ संचालन योजना, 2006 एवं दिशा-निर्देश भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस नामांकन की प्रतिलिपि जानकारी एवं आवश्यक संज्ञान के लिए निवाड़ी कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।
अनूप खरे को मिली इस जिम्मेदारी को जिले में मानव अधिकारों के संरक्षण और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

