भोपाल। राजधानी में मंगलवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व पूर्ण श्रद्धाभाव और धूमधाम से मनाया गया। इस पावन मौके पर पुराने शहर में श्री हिंदू अखाड़ा महासंघ द्वारा परंपरा अनुसार चल समारोह निकाला गया। इसमें शहर के 10 अखाड़े शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान अखाड़े के पहलवानों के अलावा युवतियों ने भी शौर्य भरे करतब दिखाए। जलूस रात नौ बजे छोला क्षेत्र स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचा। वहां ध्वजा चढ़ाने के बाद आरती की गई।
भवानी चौक से निकला चल समारोह
चल समारोह शाम साढ़े चार बजे भवानी चौक सोमवारा से शुरू हुआ। इसमें बैंड, ताशे, डीजे के साथ ही श्रीराम दरबार एवं नृत्य करते हनुमानजी की झांसी आकर्षण का केंद्र थी। महा संघ के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा महामंत्री अनिल ठाकुर ने बताया कि चल समारोह में पहलवानों के अलावा युवक- युवतियों में भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मालती राय एवं मंत्री विश्वास सारंग उपस्थित थे। चल समारोह का सामाजिक संस्थाओं ने अनेक जगह स्वागत किया। जिसमें मुख्य रूप से वरिष्ठ समाज सेवी पंडित ओम मेहता, किशोरी लाल पटेल, संतोष साहू, नारायण सिंह कुशवाहा, रामप्रसाद चंदौरिया, नरेश राव जाधव, जगदीश कुशवाहा, धनरूप साहू, विनोद यादव, राजेश पहलवान, अघोरी मंच मुकेश साहू, संतु बाबा, नवल मेहर, राजेंद्र मटोलिया, हेमंत रैकवार, घनश्याम दास गुप्ता, ओम सेन, नर्मदा यादव, जगन्नाथ, राजू राठौर, लकी राय, नन्नू लाल कुशवाहा, विष्णु प्रसाद साहू, रामकुमार तिवारी, ब्रज कुशवाहा आदि शामिल रहे।











