भोपाल। रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर में सोमवार को हरतालिका तीज श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती की सामूहिक आराधना की। पुष्पमालाओं और गुलाबी-पीले वस्त्रों से सजे मंडप में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की प्रार्थना की। पूजा स्थल पर दीपक, कलश, पुष्प, फल, नारियल और नैवेद्य सहित पूजन सामग्री सजाई गई थी। दीपों की ज्योति और शिव-पार्वती के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। महिलाओं के साथ बच्चे भी धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी, इसी भाव से सुहागिन महिलाएं यह व्रत करती हैं। इस वर्ष तिथि भेद के कारण हरतालिका तीज के साथ गणेश चतुर्थी का भी संयोग रहा। दादाजी धाम में श्रद्धालुओं ने धर्म, आस्था और लोकमंगल की भावना के साथ पर्व मनाया।
निर्जला व्रत रख महिलाओं ने अखंड सौभाग्य व सुखी दांपत्य की कामना की
