हरतालिका तीज पर दादाजी धाम में रातभर होगी शिव-पार्वती की आराधना

हरतालिका तीज पर दादाजी धाम में रातभर होगी शिव-पार्वती की आराधना
जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर में आज सोमवार को हरतालिका तीज श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर महिलाएं निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती का विधि-विधान से पूजन करेंगी तथा अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करेंगी। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों तथा मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्यों ने बताया कि पर्व के अवसर पर वर्धमान सिटी, पटेल नगर, सिद्धार्थ लेक सिटी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में रात्रि पूजन चार चरणों में संपन्न होगा। प्रथम पूजन रात 8 बजे, द्वितीय रात 11 बजे, तृतीय रात 1 बजे तथा चतुर्थ पूजन प्रातः 4 बजे किया जाएगा। प्रत्येक चरण में भगवान शिव और माता पार्वती का विशेष पूजन-अर्चन कर आरती एवं मंगलकामना की जाएगी। हरतालिका तीज के साथ इस वर्ष गणेश चतुर्थी का भी विशेष संयोग होने के कारण मंदिर में स्थापित भगवान श्री गणेश का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट पूरे दिन एवं रात्रि में खुले रहेंगे, जिससे व्रती महिलाएं अपनी सुविधानुसार दर्शन एवं पूजन में सहभागी बन सकें।


 
Advertisement