भोपाल लोकसभा सीट पर भरे गए नॉमिनेशन की जांच के बाद आज नाम वापसी होगी। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कैंडिडेट नामांकन वापस ले सकेंगे। कयास हैं कि कांग्रेस की जयश्री हरिकरण अपना नामांकन वापस ले सकती हैं। उन्होंने डमी के रूप में कांग्रेस से 3 नामांकन भरे थे, जो निरस्त हो गए। लेकिन, चौथा नामांकन निर्दलीय के रूप में भरा था। इसलिए वे अभी भी मैदान में हैं।
दरअसल, खजुराहो सीट पर सपा कैंडिडेट का नामांकन निरस्त होने का मामला सामने आया था। इसलिए जयश्री ने कांग्रेस का डमी के रूप में नामांकन भरा था। चूंकि, कांग्रेस ने अधिकृत उम्मीदवार अरुण श्रीवास्तव को बनाया है। इसलिए बी फॉर्म भी उन्हें ही दिया है। जिससे जयश्री के कांग्रेस के नाम से भरे गए 3 नामांकन शनिवार को निरस्त कर दिए गए।
चूंकि, चौथा नामांकन निर्दलीय के रूप में भरा था। इसलिए वह सही पाया गया था। ऐसे में अब जयश्री को यह नामांकन वापस लेना पड़ेगा। हालांकि, शनिवार को ही नाम वापसी के लिए फॉर्म भी ले जा चुकी हैं।
अभी 25 उम्मीदवार मैदान में
भोपाल लोकसभा सीट पर 28 कैंडिडेट ने कुल 41 नॉमिनेशन जमा किए थे। शनिवार को इनकी जांच की गई थी। जांच में सोमश्री, प्रकाश और एके जीलानी के नामांकन निरस्त हो गए थे। इसलिए अब 25 कैंडिडेट बचे हैं। अब सोमवार दोपहर 3 बजे तक कैंडिडेट्स नाम वापस ले सकेंगे। बता दें, 2019 के लोकसभा चुनाव में जांच और नाम वापसी के बाद कुल 30 उम्मीदवार मैदान में थे।
बैरसिया विधानसभा से चुनाव लड़ चुकीं जयश्री
जयश्री 6 महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में बैरसिया से कांग्रेस कैंडिडेट थीं। वे बीजेपी के विष्णु खत्री से हार गई थीं। संपत्ति के मामले में वे भी करोड़पति हैं।
16 से ज्यादा उम्मीदवार होने पर 2 बीयू लगेगी
पिछले लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार अधिक होने से 2 बीयू यानी बैलेट यूनिट लगी थी। इस बार भी यदि जांच और वापसी में 16 से अधिक नामांकन होते हैं तो भी दो बीयू लगाई जाएगी।











