अहाते हुए बंद तो ढाबों में परोसी जा रही अवैध शराब, आबकारी टीम ने दबिश देकर पकड़ी

अहाते हुए बंद तो ढाबों में परोसी जा रही अवैध शराब, आबकारी टीम ने दबिश देकर पकड़ी
भोपाल। शहर में अहाते बंद होने के बाद से ढाबों में अवैध शराब परोसी जा रही है। जिसकी भनक तक स्थानीय पुलिस को नहीं लगती है। जब आबकारी टीम ने सोमवार को दबिश दी तो पता चला कि जिले की सीमाओं पर स्थित ढाबों में खुलेआम शराब पिलाई जा रही थी। साथ ही टीम ने ऐसे तस्करों को भी दबोचा है, जो अवैध शराब बेचने की फिराक में थे। आबकारी अमले ने सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के क्रय, विक्रय, निर्माण, संग्रह और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

इन इलाकों में दी दबिश

इसी के तहत आबकारी टीम ने सोमवार को गांधी नगर क्षेत्र में चौकसे ढाबा पर दबिश देते हुए देशी शराब और बीयर बरामद की है। इसके अलावा जीत ढाबा, करोंद स्थित राजपूत ढाबा से भी अवैध शराब व बीयर जब्त की है। वहीं टीम ने शक्ति सांकल के कब्जे से देशी शराब जब्त की है।

इसके बाद टीम ने बंगरसिया में दबिश देते हुए गोविंद कुशवाहा, बागसेवनिया में दिनेश और कोला बांसखेड़ी में बब्लू चंदेल और सोहन गौर के कब्जे से अवैध शराब बरामद की है। टीम ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Advertisement