मोबाइल पर बात करने से रोकने पर स्कूटी सवार ने की आरक्षक से झूमाझटकी, वर्दी फाड़ी

मोबाइल पर बात करने से रोकने पर स्कूटी सवार ने की आरक्षक से झूमाझटकी, वर्दी फाड़ी
 भोपाल। राजधानी के मार्गों पर चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमले की घटना लगातार सामने आ रही है। एक बार फिर हबीबगंज में नर्मदा अस्पताल चौराहे पर ऐसी ही एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक स्कूटी सवार को मोबाइल पर बात करने से रोका तो उसने ट्रैफिक के आरक्षक की कालर पकड़ ली और उस पर डंडे से हमला कर दिया। आरोपित ने पुलिस आरक्षक से मारपीट कर उसकी वर्दी भी फड़ दी। घटना के दौरान काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस आरक्षक की शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने आरोपित पर एफआइआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह है घटनाक्रम

हबीबगंज थाना प्रभारी सारिता बर्मन ने बताया कि सोमवार बाहर बजे के करीब ट्रैफिक पुलिस नर्मदा अस्पताल चौराहे गणेश मंदिर के पास चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय एक युवक स्कूटी चलाकर आ रहा था। उसकी नंबर प्लेट भी गड़बड़ थी और वह मोबाइल पर बात कर रहा था। उस समय ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक आशीष रघुवंशी ने उसे रोका तो वह उस पर भड़क गया और उसने आरक्षक से झूमाझटकी शुरू कर दी। आरोपित स्कूटी चालक ने आरक्षक की कालर पकड़कर उससे मारपीट शुरू कर दी। आरोपित इतना आक्रोशित हुआ कि उसने पास में पड़ा एक डंडा उठाकर आरक्षक को मार दिया और वर्दी फाड़ दी। घटना के समय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पहले भी हुई घटनाएं

बाद में ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक ने थाने पहुंचकर घटना की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कर कटारा हिल्स निवासी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हम बता दें कि पिछले एक माह में चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमले की यह चौथी घटना है।

Advertisement