इस्लामाबाद: राजस्थान के भिवाड़ी से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनवा पहुंची अंजू करीब 6 महीने बाद वापस भारत लौट रही है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के नसरुल्ला से दोस्ती के बाद उससे मिलने चली गई थीं। अंजू ने अब कहा है कि उसको अपने बच्चों की याद सता रही है और वो अक्टूबर के आखिर में भारत लौट आएंगी। अंजू की वापसी के साथ ही ये सवाल भी है कि उसको भारत लौटने के बाद किस तरह की कानूनी पेचीदिगियों से गुजरना पड़ेगा।
अंजू के खिलाफ उसके पति अरविंद ने धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज कराए हैं। अंजू पति से संबंध खत्म होने की बात कह रही हैं और अरविंद से कोई संबंध ना होने की बात कह रही हैं। हालांकि भारत में कानूनी तौर पर अरविंद ही अंजू के पति हैं। दोनों का तलाक नहीं हुआ है। ऐसे में बहुत मुमकिन है कि पुलिस इस मामले में उसे पूछताछ के लिए बुलाए।
2019 में हुई थी पाक के नसरुल्ला से दोस्ती
राजस्थान तक ने अंजू से बातचीत के आधार पर कहा है कि वह अपने बच्चों की खातिर भारत लौट रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के कई सवाल हैं और वह भारत लौटकर सभी सवालों के जवाब देगी। अंजू ने बताया है कि पाकिस्तान में उनके वीजा लिमिट खत्म हो रही है और वो इसे बढ़ावाना नहीं चाहती हैं। इसकी वजह बच्चे हैं। वो भारत लौटकर अपने बच्चों के साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने साफ किया कि पति से उनका संबंध खत्म हो चुका है। वो सिर्फ बच्चों के लिए आ रही हैं।











