पाकिस्तान ने दुनिया की आंखों में धूल झोंककर सूडान को बेचे हथियार? डील से टेंशन में बलूच, भारत की भी बढ़ेगी चिंता

पाकिस्तान ने दुनिया की आंखों में धूल झोंककर सूडान को बेचे हथियार? डील से टेंशन में बलूच, भारत की भी बढ़ेगी चिंता
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में बने मुहाफिज-V बख्तरबंद वाहनों को कथित तौर पर सूडान की राजधानी खार्तूम में एक मिलिट्री परेड में देखा गया है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि यह इस बात का ठोस सबूत है कि इस्लामाबाद या खार्तूम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि ना होने के बावजूद सूडानी सेना को पाकिस्तानी सैन्य उपकरण सप्लाई किए जा रहे हैं। इसने ना सिर्फ भारत का ध्यान खींचा है बल्कि बलूच गुटों की चिंता भी बढ़ा दी है।

न्यूज18 ने भारतीय खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि खार्तूम में 'मुहाफिज' का दिखना पाकिस्तान और सूडान के बीच रक्षा सहयोग के एक बड़े समझौते का हिस्सा है। इस समझौते में ड्रोन, ट्रेनर एयरक्राफ्ट और एयर डिफेंस सिस्टम भी शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 अरब डॉलर हो सकती है।

मुहाफिज-V क्यों है खास

  • मुहाफिज-V को पाकिस्तान की सरकारी कंपनी हेवी इंडस्ट्रीज टैक्सिला (HIT) बनाती है।
  • इसे टोयोटा लैंड क्रूजर LC79 के मॉडिफाइड चेसिस पर तैयार किया गया है।
  • यह माइन-प्रोटेक्टेड (बारूदी सुरंग से सुरक्षित) वाहन B6-लेवल की बैलिस्टिक सुरक्षा देता है।
  • इसमें आठ जवान बैठ सकते हैं। इसमें आठ फायरिंग पोर्ट, 360-डिग्री घूमने वाले बुर्ज लगे हैं।
  • यह रन-फ्लैट टायरों से लैस है। ये टायर सीधे हमले के बाद 50 किलोमीटर तक चल सकते हैं।
1.5 अरब डॉलर की इस रक्षा डील को पाकिस्तान की सरकारी मिलिट्री इंडस्ट्री के ज़रिए विदेशी रक्षा निर्यात बढ़ाने की सबसे बड़ी कोशिशों में से एक माना जा रहा है। इसने एक तरफ भारत तो दूसरी ओर बलूच गुटों की भी चिंता को बढ़ाया है। बलूच गुटों का मानना है कि इस पैसे का इस्तेमाल उनके खिलाफ हो सकता है।

Advertisement