भोपाल। कोलार पुलिस ने रविवार को आइपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइट सट्टा खेल रहे बिहार, ओडिशा और रीवा के दस लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपित रेडीबुक क्लब नाम की वेबसाइट से सट्टा बुक कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों से रिकार्ड जब्त कर लिया है। उसके अनुसार, रोजाना 20 से 25 लाख रुपये की लेनदेन की बात सामने आ रही है। इस कार्रवाई के दौरान रायपुर (छत्तीसगढ़) के दो आरोपित फरार हो गए।
इन दोनों को गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उनकी लाइन मुंबई और दुबई से ली जा रही थी। ये लोग राजस्थान, उप्र, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र तक से सट्टे की बुकिंग ले रहे थे।
चूनाभट्टी संभाग की एसीपी अंजली रघुवंशी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि विरासा हाइट्स के फ्लैट नंबर 303 में आनलाइन सट्टा खिलवाया जा रहा है। इस सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारा, जहां दस लोग मौके पर मिले। वे आनलाइन वेबसाइट के माध्यम से सट्टे की बुकिंग ले रहे थे और खुद भी दांव लगा रहे थे।











