उमरिया में दुर्गा विसर्जन के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत, एक लापता, जांच में जुटी पुलिस
उमरिया: एमपी के उमरिया में दुर्गा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। यह घटनाएं मानपुर थाना क्षेत्र के सेजवाही और कछौन्हा गांव में हुईं। दोनों ही मामलों में युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
दूसरे युवक को बचाते हुए गंवाई जान
मानपुर थाने के जांच अधिकारी राजेन्द्र यादव ने बताया कि ग्राम सेजवाही में लोग स्कूल के पास बने श्वेत पलास तालाब में दुर्गा मां की प्रतिमा का विसर्जन करने गए थे। तभी एक युवक डूबने लगा जिसको बचाने के लिए प्रिंस पटेल पिता संतोष पटेल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम सेजवाही पानी मे कूद गया। गहरे पानी मे डूब जाने से प्रिंस की मौत हो गई। थाने को सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस ने शव को निकला। पोस्टमार्टम के साथ ही जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
शव की तलाश में जुटी प्रशासन की टीम
वहीं दूसरी घटना में जांच अधिकारी राम सिंह ने बताया कि लोग कछौन्हा में गांव में रखी दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पास के ही देवी तालाब में गए थे। वहां अजय गहरे पानी मे चला गया। जिससे उसकी डूबने से उसकी मौत हो गई। मानपुर थाने को सूचना मिलते ही अपनी टीम सहित हम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को तलाशने के कार्य कर रहे हैं, जैसे ही शव मिल जाएगा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना
उन्होंने आगे बताया कि सेजवाही गांव की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कछौन्हा गांव की घटना के बारे में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी राम सिंह ने बताया कि पुलिस ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश कर रही है।
यह घटनाएं जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा बार-बार दी जा रही चेतावनियों के बावजूद हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। समझाइश नहीं मानने और लापरवाही के कारण दो घरों के चिराग बुझ गए।











