अम्बिकापुर । सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में 21 एवं 22 नवंबर 2026 को विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिक स्कूल सहित अम्बिकापुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल एवं दक्षताओं का विकास करते हुए विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालयों में सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करना था।
प्रशिक्षण में वियान्नी इंग्लिश मीडियम स्कूल, उदयपुर, मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल, पेंड्रा रोड, सेंट हरकेवाल विद्यापीठ हाई स्कूल, अम्बिकापुर, अडानी विद्या मंदिर, सरगुजा, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल, कल्याणपुर, सूरजपुर तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, मैनपाट सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।
सीबीएसई द्वारा नामित संसाधन विशेषज्ञ उमेश शर्मा, पीजीटी, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सूरजपुर तथा रमन मिश्रा, उप-प्राचार्य, कृष्णा पब्लिक स्कूल, बिलासपुर ने प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेषज्ञों ने विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया।
विद्यालय के पुस्तकालय में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 4ः30 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं एवं अनुभव साझा करने के माध्यम से शिक्षकों ने विषय की व्यावहारिक समझ विकसित की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण निर्माण तथा स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से समझाने पर विशेष जोर दिया गया।

