बैरागढ़ में कारिडोर तोड़ने के बाद यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त, वाहन चालक हो रहे परेशान

बैरागढ़ में कारिडोर तोड़ने के बाद यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त, वाहन चालक हो रहे परेशान

भोपाल । संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) मेन रोड के कुछ क्षेत्र में बीआरटीएस कारिडोर हटाने के बाद लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस द्वारा बैरिकेड्स नहीं रखे जा रहे हैं। इससे वाहन चालक भ्रमित हो रहे हैं। खासतौर पर रात के समय पीक आवर्स में यातायात अव्यवस्थित हो रहा है।

नहीं हटाया मलबा

पीडब्ल्यूडी ने हलालपुर से संत हिरदारामजी की कुटिया तक के छोर से जालियां हटाकर बीच के हिस्से में डिवाइडर का निर्माण किया है। यहां कारिडोर से निकली जालियां ही लगाई गई हैं। कुछ हिस्से पर डामर की परत बिछाकर सड़कों को समतल किया गया है। इससे वाहन चालकों को सुविधा हो गई है, लेकिन संत कंवरराम चौराहा एवं आसपास के क्षेत्र में बस स्टाप हटाने के बाद निकला मलबा अभी तक नहीं उठाया गया है। मलबे के कारण रोड बंद है। शुरुआती छोर खुला होने के कारण वाहन चालक अधूरे कारिडोर में प्रवेश कर जाते हैं, बाद में उन्हें वापस लौटना पड़ता है। इससे बाजार क्षेत्र में जाम लग रहा है।

पहले तेज, अब काम की गति मंद

मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने शुरुआत में बीआरटीएस कारिडोर हटाने का काम तेज गति से किया। हलालपुर बस स्टैंड के आसपास तीन दिन में कारिडोर का बड़ा हिस्सा हटा दिया गया। अब काम की गति मंद हो गई है। बैरागढ़ बाजार में एलिवेटेड डबल डेकर ब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है, इसके लिए मिट्टी का परीक्षण किया जा रहा है। इस कारण भी चौड़ी सड़क होने के बावजूद वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। पार्षद अशोक मारण का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को बैरिकेड्स रखकर काम करना चाहिए, क्योंकि इस रोड से 24 घंटे वाहनों की आवाजाही होती है। बैरिकेड्स एवं रेडियम बोर्ड नहीं होने से रात के समय दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है।
Advertisement