खंभे में करंट उतरने से तीन बकरियों की मौत, गुस्साए रहवासियों ने बिजली कर्मचारियों को पीटा
Updated on
28 Jun 2024, 12:18 PM
भोपाल। शहर के कमला नगर थाना क्षेत्र की नया बसेरा बस्ती में गुरुवार को बिजली के एक खंभे में कंरट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन बकरियों की मौत हो गई। वहीं जब शिकायत मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी गड़बड़ी को ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचे तो रहवासियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।पुलिस के मुताबिक नया बसेरा में सुलभ काम्पलेक्स के पास वाले बिजली के खंभे में सुबह करंट उतर गया था, जब बकरियां इसके संपर्क में आईं तो करंट से उनकी मौत हो गई। सूचना पर बिजली विभाग से राजू कुशवाहा अपने साथियों के साथ इसे ठीक करने पहुंचा तो गुस्साए लोगों ने उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली और मारपीट शुरू कर दी। फरियादी विद्युत कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने नरेंद्र अहिरवार और उसके साथियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।हाईटेंशन लाइन से लगा करंट, महिला झुलसी
उधर, निशातपुरा थाना इलाके में हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय रक्षा पत्नी संजय यादव नवीबाग में सरकारी स्कूल के पास परिवार के साथ रहती है।
बुधवार दोपहर को वह छत पर कपड़े डालने गई थीं। इस दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से बुरी तरह झुलस गईं। धमाके की आवाज सुनकर स्वजन और पड़ोसी दौड़े और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से मिली सूचना पर एएसआइ हरीनारायण कुशवाहा ने महिला के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।