ग्वालियर। 25 फीट की श्रीजी की प्रतिमा गिरने के हादसे ने शहरवासियों की आस्था को चोट पहुंचाई है तो वहीं नगर निगम में हड़कंप मच गया है। श्रीजी की प्रतिमा गिरने का सबसे बड़ा कारण सड़क के गड्ढे ही निकले हैं। नगर निगम के आयुक्त अमन वैष्णव सोमवार को खुद अफसरों के साथ वहां पहुंचे जहां श्रीजी की प्रतिमा गिरी थी, यहां अफसरों ने बताया कि पीएचई की पाइपलाइन के लिए खोदाई हुई थी, इसी कारण गड्ढा हो गया था।
इस पूरी घटना के बाद आयुक्त ने पैच रिपेयरिंग सेल के प्रभारी प्रदीप जादौन से सहायक सिटी प्लानर का चार्ज छीन लिया, अब जादौन सिर्फ पैच रिपेयरिंग का जिम्मा संभालेंगे। वहीं निगम ने श्रीजी प्रतिमा विसर्जन स्थल तक जाने वाले रास्तों में कहीं भी गड्ढे दिखें तो एक नहीं तीन-तीन मोबाइल नंबर जारी किए जिनपर गडढों के फोटो भेजने पर तत्काल कार्रवाई होगी। निगम ने अपनी सफाई में जुलाइ से अभी तक गड्ढे भरने की जानकारी भी साझा की।
जहां गिरी थी प्रतिमा वहां पहुंचे निगमायुक्त, जादोन से छीना सहायक सिटी प्लानर का दायित्व
- खल्लासीपुरा में स्थापना के लिए जा रही 25 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा सड़क के गड्ढे के कारण खंडित होने की घटना के बाद नगर निगम ने तेजी से सड़कों की मरम्मत का दावा किया है, जबकि हकीकत यह है कि श्रीजी स्थापना के बाद अब विसर्जन स्थलों की राह में भी गड्ढे हैं। विसर्जन स्थल सागरताल की ओर जाने वाले मार्गों पर अब भी गड्ढे व्यवस्थाओं को मुंह चिढ़ा रहे हैं।
- ऐसे में निगम अधिकारियों ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि प्रतिमा स्थापना स्थल से लेकर विसर्जन स्थल तक जहां भी गड्ढे या सड़क खराब है, तो तीन मोबाइल नंबरों पर फोटो सहित जानकारी भेजें, ताकि समय से पहले सड़क ठीक कराई जा सके। इनमें मोबाइल नंबर 9111126131 और 9425126131 पैच रिपेयरिंग सेल के नोडल अधिकारी प्रदीप जादौन के हैं, तो वहीं तीसरा मोबाइल नंबर 9406915841 निगम के इंजीनियर पवन शर्मा का है। रविवार को हुई घटना के बाद निगम का दावा है कि गत जुलाई माह में 22 ड्रम कोल्ड इमरशन यानी डामर और 258 डंपर मुरम का इस्तेमाल कर गड्ढे भरे गए थे।
खुरैरी नहीं अब सागरताल के सामने होगा विसर्जन
खुरैरी तालाब बर्ड पार्क की बजाये अब श्रीजी की बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बहोड़ापुर स्थित सागरताल के सामने स्थित खाली स्थान पर अस्थायी जलाशय बनाया गया है। यह जलाशय प्रतिमा विसर्जन के दौरान भक्तों को सुविधाजनक रहेगा और विसर्जन प्रक्रिया को सुगम बनाएगा।
छोटे आकार की प्रतिमाओं के लिए व्यवस्था
छोटी आकार की श्री गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कटोरा ताल के कोने पर एक छोटा कुंड तैयार किया गया है, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सरल और प्रभावी हो सके। चलित जलाशय की व्यवस्था: नगर निगम ने जन सहयोग से मुख्य मार्गों पर वाहनों के माध्यम से चलित जलाशय भी चलाए जाने की व्यवस्था की है। इनके माध्यम से भक्तजन भगवान गणेशजी की छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे।
गणेशोत्सव को लेकर प्रशासन ने शुरू से लेकर गंभीरता नहीं दिखाई है। बड़ी प्रतिमाओं के विराजित स्थल तक पहुंचाने के लिए निर्धारित मार्ग के सड़क का संधारण गंभीरता से नहीं किया, केवल खानापूर्ति की है।
डा. जयवीर भारद्वाज हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष।
खल्लासीपुरा की यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। बड़ी प्रतिमाओं को विराजित स्थल तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा कोई व्यवस्था नहीं करना निदंनीय है। आगे से समुचित व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।
