शेयर बाजार में तेजी पर लगा ब्रेक, कारोबारी सप्ताह के दिन आई गिरावट, निवेशकों को हुआ नुकसान
नई दिल्ली: वैश्विक बाजारों में नरमी के रुख के बीच स्थानीय बाजार में तेल एवं गैस, पूंजीगत उत्पाद और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) के शेयरों में बिकवाली होने से लगातार छह सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला शुक्रवार को थम गया। इस दौरान दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 269.03 अंक यानी 0.35 प्रतिशत गिरकर 77,209.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 676.93 अंक गिरकर 76,802 पर भी आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 65.90 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,501.10 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 100.1 अंक बढ़कर 23,667.10 के रिकॉर्ड कारोबारी स्तर पर पहुंच गया था।











