दीपावली तक विभिन्न शहरों से आने वाले हवाई यात्री बढ़े, अब जाने वालों की संख्या बढ़ेगी

दीपावली तक विभिन्न शहरों से आने वाले हवाई यात्री बढ़े, अब जाने वालों की संख्या बढ़ेगी
भोपाल। रोशनी का पर्व अपने घर पर मनाने के लिए बड़ी संख्या में छात्र एवं आईटी प्रोफेशनल्स बेंगलुरू एवं पुणे जैसे शहरों से भोपाल आए हैं। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद एवं हैदराबाद जैसे शहरों में कार्यरत युवा भी दीपावली से पहले ही विमान से भोपाल पहुंचे। यही कारण रहा कि पिछले एक सप्ताह से विभिन्न शहरों से भोपाल आने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई। भोपाल से जाने वाले यात्री कम हो गए।

दीपावली से एक सप्ताह पहले अपने घर त्यौहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग विमान से सफर करके पहुंचते हैं। इस कारण आगमन करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। दीपावली के बाद भोपाल से जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। राजधानी में इस बार अधिकांश लोगों ने 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई। बुधवार को 16 उड़ानों से 1903 यात्री भोपाल पहुंचे।

भोपाल से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली उड़ानों में मात्र 752 यात्री रवाना हुए। बेंगलुरू एवं पुणे उड़ान में सबसे कम यात्री रवाना हुए। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद एवं रायपुर उड़ान की 50 प्रतिशत सीटें भी नहीं भर सकीं।

अब बढ़ेगी जाने वाले यात्रियों की संख्या

शनिवार से भोपाल से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। एयरलाइंस कंपनियां भी अब त्यौहार पर यात्रियों की संख्या के हिसाब से किराया तय करने लगी हैं। इस बार दीपावली से एक सप्ताह पहले विभिन्न शहरों से आने का किराया अधिक था। अब जाने का किराया बढ़ गया है। अगले एक सप्ताह तक बेंगलुरू, पुणे, हैदराबाद आदि शहरों का किराया 40 प्रतिशत तक अधिक लिया जा रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार सीटों की उपलब्धता के आधार पर ही किराया तय होता है इसलिए त्यौहार के समय अक्सर किराया बढ़ जाता है।

यात्रियों की संख्या एक नजर में

दिनांक भोपाल आए भोपाल से रवाना

28 अक्टूबर 2330 1406

29 अक्टूबर 2216 1369

30 अक्टूबर 2477 1484

31 अक्टूबर 1903 752

Advertisement