गुना में सर्वाधिक 46.6 डिग्री पर पहुंचा पारा, इंदौर में दस साल में दूसरी बार तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस

गुना में सर्वाधिक 46.6 डिग्री पर पहुंचा पारा, इंदौर में दस साल में दूसरी बार तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस
भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से भले ही मध्य प्रदेश के कुछ शहरों में आंशिक बादल बने हुए हैं, लेकिन गर्मी के तीखे तेवरों में कोई कमी नहीं दिख रही है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। रतलाम में तीव्र लू रही। धार, गुना, उज्जैन एवं खंडवा भी लू की चपेट में रहे।राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। शहर में गर्मी का एक वर्ष का रिकार्ड टूट गया। पिछले वर्ष मई में सबसे अधिक तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को कुछ और शहरों में लू चल सकती है। साथ ही भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ वर्षा भी हो सकती है।

अधिकतर शहरों में गर्मी के तीखे तेवर

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर मध्य प्रदेश से होकर देश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

इसी चक्रवात से एक दूसरी द्रोणिका दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश से होकर कर्नाटक तक बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में। वहां से लगतार आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं।

10 शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर

गुरुवार को प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 44 से 46.6 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। शुक्रवार को कुछ और शहरों में भी लू चलने की संभावना है। उधर, प्रदेश से होकर द्रोणिका गुजरने के कारण बंगाल की खाड़ी से कुछ नमी भी मिल रही है। इस वजह से कुछ शहरों में आंशिक बादल भी बने हुए हैं। शुक्रवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है।

Advertisement