भोपाल। वरुण अवतार के वंशजों ने बुधवार को अपने इष्टदेव भगवान झूलेलाल का अवतरण दिवस उत्साह के साथ मनाया। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में विशाल शोभायात्रा में इस बार भगवान झूलेलाल के साथ ही बालस्वरूप में रामलला के दर्शन भी कराए गए। चांदी के रथ में बहिराणा साहब को सजाया गया था। युवाओं ने छेज नृत्य कर जुलूस को यादगार बना दिया। सिंधु समाज भवन में बहिराणा पूजन के बाद भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। अयोध्या में राम मंदिर बनने की खुशियां मनाई गईं।
राममंदिर की प्रतिकृति बनी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में बाल स्वरूप रामलला के दर्शन भी कराए गए। इलेक्ट्रानिक झांकी में राम मंदिर की प्रतिकृति सजाई गई थी, जिसे देखकर लोग मंत्र-मुग्ध हुए बगैर नहीं रह सके। पूजा-अर्चना के साथ ही सिंधी भाषा दिवस मनाया गया। मातृभाषा को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया गया। नेहरू पार्क स्थित मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जुलूस में सजीव झांकियों के दर्शन कराए गए। शोभायात्रा में भगवान झूलेलाल की सजीव झांकी के अलावा चांदी के रथ पर बहिराणा साहब की ज्योति के दर्शन भी कराए। अमर कथा का पाठ किया गया। महिलाओं ने भी जुलूस में छेज नृत्य किया। मेन रोड पर मंच लगाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। संत, महात्मा भी बग्घी में सवार होकर आशीर्वाद देते चल रहे थे।
बिजली गुल, टार्च की रोशनी में पूजा
चैतीचांद के दिन शाम चार बजे अचानक बिजली गुल हो गई। सिंधु समाज भवन में पूजन शुरू होने से पहले ही अंधेरा छा गया। काफी समय इंतजार के बाद भी जब बिजली चालू नहीं हुई तो टार्च की रोशनी में पूजा अर्चना की गई। बैरागढ़ बाजार को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रोशनी की व्यवस्था की गई थी, लेकिन तीन घंटे बिजली गुल होने के कारण जनरेटर की रोशनी में ही शोभायात्रा निकली। जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं प्रसाद वितरण के साथ जुलूस का स्वागत किया गया। जुलूस का समापन संतजी की कुटिया से होते हुए पुराना धर्मशाला स्थित झूलेलाल मंदिर में हुआ। यहां भंडारा भी किया गया।
सेंट्रल पंचायत ने शोभायात्रा निकाली
राजधानी में सिंधी सेंट्रल पंचायत ने सिंधी कालोनी से समृद्ध भारत का संदेश देती भव्य शोभायात्रा निकाली। विधायक भगवानदास सबनानी ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। सिंधु एक्सप्रेस ट्रेन की प्रतिकृति में सवार होकर महिलाओं ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। शोभायात्रा के 50 साल पूरे होने, सिंधी भाषा दिवस एवं भगवान झूलेलाल का अवतरण दिवस एक साथ मनाया गया।











