रात में सड़कों पर नहीं रुक रहा स्टंटबाजी का खेल, डीसीपी ट्रैफिक बोले- कड़ी कार्रवाई करेंगे
Updated on
11 Jun 2024, 01:22 PM
भोपाल। शहर की सपाट सड़कों पर रात में युवाओं द्वारा बेतरतीब स्टंटबाजी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से शहर में जानलेवा स्टंट करने के कई मामले सामने आए हैं और उनके वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन घटनाओं का पुलिस ने भी संज्ञान लिया है और वह ऐसे स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है। बीते दिनों जहां वीआइपी रोड पर चलती कार के ऊपर अश्लील डांस करने वाले युवा देखे गए थे, तो अब एयरपोर्ट रोड पर कार के ऊपर चढ़कर डांस करने वाले युवाओं का वीडियो वायरल हो रहा है। ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी संजय सिंह ने ऐसे स्टंटबाजों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
उन्होंने कहा एयरपोर्ट रोड मामले की जानकारी मिलते ही सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है और स्टंटबाज युवकों की तलाश की जा रही है। जिन्होंने भी यह कृत्य किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों वीआइपी रोड पर कार पर भी जो स्टंट किया गया था, उसमें युवकों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की गई थी।।
स्टंटबाजी से बचें युवा
उन्होंने युवाओं को समझाइश दी कि इस तरह के जानलेवा स्टंट न करें। इससे खुद के साथ अन्य लोगों का जीवन भी संकट में रहता है। वहीं महाराणा प्रताप जयंती पर निकाले गए जुलूस में स्टंटबाजी करने वालों को लेकर उन्होंने कहा कि ला एंड आर्डर के तहत जुलूस के दौरान गिरफ्तारी नहीं की जाती है, लेकिन हम समझाइश देते हैं और यदि कोई इसे दोहराएगा तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।