स्मार्ट सिटी रोड पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, बाइक सवार की मौत
Updated on
20 May 2024, 12:17 PM
भोपाल। स्मार्ट सिटी रोड पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार ने एक बाइक चालक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक काफी दूर उछलकर जा गिरा, कार भी डिवाइडर से उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जाकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे उतर गई। कार के सभी एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। जो हादसा होने के बाद कार से निकलकर भाग निकले। उधर बाइक सवार युवक की अस्पताल में कुछ देर चले उपचार के बाद मौत हो गई।श्यामला हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक खेड़ापति मंदिर रोड प्रेमपुरा निवासी 22 वर्षीय गणेश कौल एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रोजाना की तरफ वह शनिवार रात को ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब एक बजे वह श्यामलाहिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय से डिपो चौराहे की तरफ जा रहा था। इस दौरान डिपो चौराहे से स्मार्टसिटी की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने गणेश को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे में गणेश काफी दूर उछलकर जा गिरा।उधर कार डिवाइडर से उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जाकर सड़क से नीचे जा उतरी। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने गणेश को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
डंपर की टक्कर से महिला की मौत
ईंटखेड़ी थाना इलाके के ग्राम खजूरी में शनिवार शाम सड़क पार कर रही महिला की डंपर की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है। ईंटखेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम खजूरी निवासी 38 वर्षीय मुन्नीबाई पत्नी बारेलाल कुशवाहा गृहणी थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह घर के सामने सड़क पार कर रही थी, तभी एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। मुन्नीबाई को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पिछले दिनों मिसरोद थानांतर्गत सड़क हादसे में घायल हुए मंडीदीप निवासी 32 वर्षीय राजकुमार पुत्र रमेश अहिरवार की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।