अंतरराष्ट्रीय बाल फिल्म समारोह में चयनित हुई लघु फिल्म‘मैं भारत’

अंतरराष्ट्रीय बाल फिल्म समारोह में चयनित हुई लघु फिल्म‘मैं भारत’
भोपाल। कवि, लेखक एवं निर्देशक डा. सुधीर आजाद की शार्ट फिल्म ‘मैं भारत’ का चयन इंटरनेशनल चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल (सीएमएस) 2024 में बेस्ट शार्ट फिल्म की श्रेणी में हुआ है। इसके पूर्व दादा साहेब फाल्के फिल्म फेस्टिवल समेत दर्जन से भर से अधिक फिल्म फेस्टिवल्स में यह फिल्म चयनित हो चुकी है।‘मैं भारत’ भारतीय परिवेश के उस सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को प्रस्तुत करती है, जिसमें एक बच्ची अपने अधिकारों के प्रति सजग है और साथ ही अपने कर्त्तव्यों के प्रति भी प्रतिबद्ध है। सुधीर आजाद के अनुसार यह फिल्म राष्ट्रीयता से ओतप्रोत एक बच्ची के स्वाभिमान का चित्रण है जो भारतीयता को गर्व के साथ जीती है और अनुभूत करती है। स्वच्छता के प्रति आग्रह और जिम्मेदारी समेत नागरिक-बोध इस फिल्म का प्रमुख स्वर है।

किताब की तरह है फिल्म

भोपाल की चाइल्ड आर्टिस्ट और राइटर हीर जोशी और अजय पाल फिल्म में प्रमुख भूमिका में हैं। फिल्म को मिल रहे प्रतिसाद पर हीर कहती हैं कि यह फिल्म मेरे लिए किसी किताब की तरह है, जिसने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और साथ ही एक बड़ी बात सिखाई है कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने उत्तरदायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। भोपाल में शूट हुई पांच मिनट की इस फिल्म का संगीत उमेश तरकसवार ने तैयार किया है। प्रोडक्शन हेड मोहित जोशी और मुख्य कैमरामैन राजीव कुशवाहा हैं। अरविंद, कमलेश एवं प्रीति ने साउंड एवं लाइट डिजाइन की है।
Advertisement