महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मुझे इस बात का पूरा विश्वास है, जैसे लकड़ी के चूल्हे को गैस के चूल्हे में बदलने का विचार निकला था, ठीक उसी प्रकार से आज इस सदन से ज़रूर ऐसा विचार निकलकर आएगा, जो देश के सर्वोच्च सदन को कोई विषय देगा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में जो चर्चा की है, उसे आगामी समय में साकार भी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लेखिका ज्योति जैन, वरिष्ठ पत्रकार राजा शर्मा आदि मौजूद थे।
प्रधानमंत्री मोदी के भारत की बात देश के भविष्य के साथ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में 150 से ज्यादा बच्चों ने अपने विचार रखे। डेली कालेज के छात्रों के द्वारा पीएम मोदी को विजनरी लीडर की संज्ञा देते हुए इस बात पर विश्वास भी जताया कि आगामी समय में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। चंद्रयान ने जहां देश का मान बढ़ाया, वहीं कोरोना के दौरान दुनिया की मदद कर देश को दुनिया में एक अलग स्थान दिलाया। भारत ने कोविड काल में मेडिकल क्षेत्र में आमूलचूल आविष्कार किए।
दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बात रखते हुए कहा कि वैसे तो मोदी सरकार की कई उपलब्धियां हैं, जिसे सिर्फ तीन मिनट में कहना आसान नहीं है। मोदी सरकार ने टैक्स सिस्टम बेहतरीन करने के साथ भ्रष्टाचार को भी कम किया है। एमरल्ड हाइट्स स्कूल के छात्रों ने कहा कि भारत में आज आर्थिक विकास के साथ सामाजिक विकास हुआ है। मोदी सरकार के कई कदम है, जो भारत को सोने की चिड़िया बनाते हैं।
लेखिका ज्योति जैन ने कहा कि छोटी-छोटी असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। यह आवश्यक नहीं है कि हर चीज आपके अनुकूल हो। आप देश का भविष्य है, आप पर बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का प्रथम पुरस्कार एनडीपीएस स्कूल को प्राप्त हुआ।











