आरटीओ चेक पोस्ट बंद, नेशनल हाईवे पर अपराधियों की चांदी, सिवनी भाजपा विधायक की सीएम से ये अपील

आरटीओ चेक पोस्ट बंद, नेशनल हाईवे पर अपराधियों की चांदी, सिवनी भाजपा विधायक की सीएम से ये अपील
सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी में अंतरराज्यीय आरटीओ चेक पोस्ट बंद होने के बाद से हाईवे पर अपराध बढ़ गए हैं। पुलिस अपराधों को रोकने के लिए लगातार काम कर रही है, फिर मामले बढ़ते जा रहे हैं। भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने इस बारे में चिंता जताई है और मुख्यमंत्री से इस पर ध्यान देने की अपील की है।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला सिवनी जिले का आरटीओ चेक पोस्ट बंद है। आरटीओ विभाग सिर्फ़ दिन में ही चेकपोस्ट लगाता है। रात में कर्मचारियों की कमी के कारण चेकपोस्ट बंद रहते हैं। इसका फायदा उठाकर अपराधी आराम से सामानों की तस्करी करते हैं।

ट्रक और कंटेनरों से बरामद होती हैं अवैध चीजे


सिवनी पुलिस नेशनल हाईवे 44 पर अपराध को रोकने के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिस ने अपने सूत्रों को मजबूत कर लिया है और अपराधियों को पकड़ने के लिए कई कार्रवाई कर रही है। कई मामलों में ट्रक और कंटेनरों से अवैध चीजें बरामद हुई हैं।

परिवहन अधिकारी का कहना


इस बारे में अतिरिक्त परिवहन अधिकारी देवेश बाथम ने बताया कि कर्मचारियों की कमी और रात में लाइट जैसी सुविधाओं के अभाव के कारण चेकपोस्ट नहीं चल पा रहे हैं। व्यवस्था को जल्द ही ठीक करने की कोशिश की जा रही है।

बीजेपी विधायक दिनेश मुनमुन की सीएम से अपील


भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि वाहन चेकिंग बंद होने से अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। चेकपोस्ट तो बनाए गए हैं पर रात में आरटीओ विभाग द्वारा चेकिंग नहीं की जाती। प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री महोदय इस विषय पर कुछ विशेष संज्ञान ले जिससे वाहन चेकिंग सुचारू रूप से हो सके और अपराधों में कमी आए।
Advertisement