गश खाकर गिरे पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष का निधन, अंतिम संस्कार आज, आधे दिन बंद रहेगा बैरागढ़ बाजार

गश खाकर गिरे पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष का निधन, अंतिम संस्कार आज, आधे दिन बंद रहेगा बैरागढ़ बाजार
 भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में रहने वाले पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष साबू रीझवानी शुक्रवार को बैरागढ़ विश्रामघाट में श्रद्धांजलि देते समय गश खाकर गिर पड़े। वहां मौजूद पंचायत के अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें उठाया और तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टर ने चेक करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह 85 वर्ष के थे।

सिंधी पंचायत के महासचिव माधु चांदवानी के अनुसार शुक्रवार को मीरादेवी के अंतिम संस्कार के बाद परंपरा के अनुसार रीझवानी श्रद्धांजलि दे रहे थे। उसी समय उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़े। संभवत: साइलेंट अटैक आने से उनका निधन हुआ है। रीझवानी मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक भी रहे। साहित्य एवं कला के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय सम्मान भी मिले। वह पूज्य सिंधी पंचायत के पांच बार अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वह एक बार उपाध्यक्ष और एक बार महासचिव रहे। चेटीचंड के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में वह भगवान झूलेलाल की वेशभूषा में शामिल होते थे।
उनके निधन से सिंधी समाज में शोक की लहर छा गई है। आज दोपहर 12 बजे बैरागढ़ विश्रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रीझवानी के सम्मान में शनिवार को दोपहर एक बजे तक बैरागढ़ के व्यापारी बाजार बंद रखेंगे।
Advertisement