ब्याज के बोझ से मिलेगी राहत या बढ़ेगी EMI, अगले 3 दिन में हो जाएगा फैसला
Updated on
07 Aug 2023, 02:50 PM
नई दिल्ली: देश में बढ़ती महंगाई के बीच लोन भी महंगा होता जा रहा है। पिछले एक साल के दौरान देश में हर तरह का लोन महंगा हो गया है। पर्सनल लोन, कार लोन और होम लोन इन सबकी ईएमआई भरने के लिए लोगों को ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। लोग काफी समय से लोन सस्ता होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। अब लोगों का इंतजार खत्म होने वाला है। आम आदमी को ब्याज के बोझ से राहत मिलेगी या फिर ईएमआई का बढ़ेगी। इस हफ्ते इसका फैसला हो जाएगा। दरअसल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की एक अहम बैठक कल यानी 8 अगस्त से शुरू हो रही है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की छह सदस्यों वाली मौद्रिक नीति समिति (Monetary Policy Committee) की बैठक 10 अगस्त 2023 तक चलेगी। इसके नतीजे 10 अगस्त को सामने आएंगे।
अभी कितनी है रेपो रेट
आरबीआई ने देश में बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए मई 2022 के बाद से रेपो रेट को कई बार बढ़ाया है। इसके चलते नीतिगत दर रेपो 2.5 फीसदी बढ़कर फरवरी 2023 में 6.5 फीसदी पर पहुंच गई थी। रिजर्स बैंक की जब अप्रैल 2023 में मौद्रिक नीति समिति की बैठक हुई तो रेपो रेट को यथावत रखने का फैसला किया। इस तरह अभी रेपो रेट 6.5 फीसदी है। हालांकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अपनी आगामी द्विमासिक पॉलिसी रिव्यू में लगातार तीसरी बार प्रमुख ब्याज दरों पर यथास्थिति बनाए रख सकता है।
10 को सामने आएंगे नतीजे
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई वाली छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति यानी एमपीसी की बैठक के बाद 10 अगस्त को इसके नतीजों की घोषणा होगी। बैठक के बाद आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास गुरुवार को फैसलों की जानकारी देंगे।