जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने की वजह से रविवार को आइएसबीटी, परी बाजार और बैरसिया स्थित पंजीयन कार्यालय खोले गए।साथ ही विभाग ने प्रति सब रजिस्ट्रार 100 स्लाट कर दिए थे। जिससे 1300 स्लाट में से कुल एक हजार स्लाट खरीदारों ने रजिस्ट्री कराने के लिए बुक कराए थे।कार्यालयों में सुबह 10 बजे से ही खरीदारों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी।पुरानी दरों पर अधिक से अधिक रजिस्ट्री कराने का लाभ लोगों ने अंतिम दिन उठाया और लगभग 800 रजिस्ट्रियां देर रात 11 बजे तक की जा चुकी थी।बता दें कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में भोपाल जिले को कुल 1372 करोड़ का लक्ष्य दिया गया था।पंजीयन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 81 हजार रजिस्ट्रियां दर्ज की जा चुकी हैं।साथ ही विभाग ने लगभग लक्ष्य भी पूरा कर लिया है।
परि बाजार में डेढ़ घंटे बिजली गुल, आइएसबीटी में लिफ्ट बंद
अंतिम दिन पंजीयन कार्यालयों में बड़ी संख्या में रजिस्ट्री कराने खरीदार पहुंचे।इस दौरान सर्वर बेहतर चले इसके लिए विशेष तकनीकी टीम सक्रिय थी लेकिन परि बाजार में डेढ़ घंटे बिजली गुल हो जाने से लोगों को रजिस्ट्री के लिए इंतजार करना पड़ा। तो वहीं आइएसबीटी स्थित पंजीयन कार्यालय में लिफ्ट बंद होने से बुजुर्गों को सीढ़ियों से जाना पड़ा।इसके अलावा यहां बैठने तक की जगह कम पड़ गई थी तो महिलाएं सीढ़ी पर ही बैठकर इंतजार करती रहीं।
तीन अप्रैल से नई दरों पर होंगी रजिस्ट्रियां
नई कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर बढ़ी हुई दरों पर रजिस्ट्री तीन अप्रेल से होंगी। असल में अगले दो दिन तक संपदा पोर्टल पर नई कलेक्टर गाइडलाइन अपलोड की जाएगी। इसके कारण पंजीयन कार्यालय तो खुलेंगे लेकिन रजिस्ट्री नहीं होंगी। यदि 31 मार्च को किसी का स्लॉट बुक हुआ है और उसकी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है तो एक अप्रेल को उसकी रजिस्ट्री हो सकेगी।
इनका कहना है
पुरानी दरों पर अधिक से अधिक रजिस्ट्रियां हो सकें इसके लिए 1300 स्लाट खोले गए थे। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन लगभग 800 रजिस्ट्रियां दर्ज की गई हैं। अब नई दरों पर तीन अप्रैल से रजिस्ट्रियां की जाएंगी।
स्वप्नेश शर्मा, वरिष्ठ जिला पंजीयक











