सुबह 8:30 बजे से शाम के 5:30 बजे तक रतलाम में 34 मिली मीटर पानी बरस गया। उज्जैन में 22, गुना में 12, जबलपुर में 9 और बालाघाट के मलाजखंड में 6 मिली मीटर बारिश हुई है।
एमपी में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट, भोपाल- इंदौर समेत कई जिलों में गरज चमक के साथ जमकर बरसेंगे बादल
भोपाल: मध्य प्रदेश का मौसम नित नए करवट ले रहा है। प्रदेश के कुछ स्थानों पर जहां बारिश हो रही है तो कुछ स्थानों में तेज धूप निकलने लगी है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में बारिश का सिलसिला भी चल पड़ा है। सोमवार को दिन भर में सिर्फ 6 जिलों में ही बारिश का प्रभाव देखा गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश वाले जिलों में सागर, दमोह, बालाघाट, मंडला, सिवनी और अलीराजपुर जिले शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य प्रदेश में मंगलवार से सिर्फ पूर्वी मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। यह बारिश अगले तीन दिनों तक चल सकती है।
इस दौरान ग्वालियर, रीवा, शहडोल, सागर और जबलपुर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है तो कहीं मध्यम बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है। भोपाल, विदिशा, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, सीधी, शिवपुरी, नरसिंहपुर, पन्ना, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, इंदौर, अशोक नगर, मुरैना, ग्वालियर, राजगढ़, जबलपुर, कटनी, नर्मदा पुरम, रीवा, छिंदवाड़ा, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, डिंडोरी, बुरहानपुर और बैतूल में गरज चमक के साथ मध्यम से लेकर तेज बारिश तक के आसार दिख रहे हैं।











