भोपाल। राजधानी में बीते तीन दिनों से तेज हवा के साथ वर्षा का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई बारिश शाम तक होती रही।इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।जिससे कई जगहों पर पेड़ गिर गए तो वहीं अटल पथ पर टावर गिर गया। वहीं तलैया क्षेत्र में एक दीवार का छज्जा कार पर गिर गया। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक बिजली भी गुल रही।
जानकारी के अनुसार तेज हवा के साथ हुई बारिश की वजह से आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ जड़ सहित उखड़ गए। जबकि दर्जनों स्थानों पर पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां टूटकर गिरी।
टहनियां और पेड़ बिजली के तारों पर गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। शहर के ज्यादातर इलाकों में दो से तीन घंटे बिजली गुल रही। इधर, तेज हवा की वजह से जवाहर चौक पर लगा मोबाइल टावर गिर गया।
गनीमत ये रही जब टावर गिरा तब सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। टावर गिरने से करीब एक घंटे तक सड़क पर ट्रैफिक बंद रहा। इसके अलावा साकेत नगर 2-सी सहित पिपलानी बी सेक्टर और बरखेड़ा क्षेत्र में तीन जगहों पर पेड़ गिरे। नगर निगम उद्यानिकी विभाग की टीमों ने पेड़ों को काटकर सड़कों से हटाया।इसके बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हो सका।











