शिकायतों के निराकरण को रेलवे ने बनाया वार रूम, आंधे घंटे में हो रहा समाधान
Updated on
03 Jul 2024, 01:23 PM
भोपाल। ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों को त्वरित सेवाएं मुहैया कराने और उनकी शिकायतों के निवारण के लिए भोपाल रेल मंडल ने नवाचार किया है। 'रेल मदद एप' की सहायता से यात्री आनलाइन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं, भोपाल मंडल के किसी भी स्टेशन से आने वाली यात्रियों की शिकायत और उसके समाधान को लेकर भोपाल के डीआरएम कार्यालय में वार रूम भी स्थापित किया गया है, जिसमें रेलवे के बड़े अधिकारी शामिल किए गए हैं। यहां पहुंचने वाली शिकायतों का आधे घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है।वार रूम में मुख्य रूप से सुरक्षा, समय पाालन, पेय, खाद्य सामग्री की उपलब्धता, चिकित्सा सहायता, बिजली, सफाई, पार्सल, टिकटिंग, यात्री सुविधाओं और विभिन्न मुद्दों से संबंधित शिकायतें प्राप्त होती हैं। वार रूम में वाणिज्य, परिचालन, आरपीएफ, इंजीनियरिंग, विद्युत, मैकेनिकल सहित सभी विभागों के अधिकारी 24 घंटे (आठ घंटे की तीन पालियों में) ड्यूटी पर मौजूद हैं। इसके कारण शिकायतों का त्वरित निपटारा हो रहा है।एक सप्ताह में 800 से ज्यादा शिकायतों का निराकरण
वार रूम के माध्यम से भोपाल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में पिछले एक सप्ताह में लगभग 820 शिकायतें का निराकरण किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा चिकित्सा सहायता संबंधी शिकायतें आई हैं। इसके अलावा ट्रेन कोच में लाइट, पानी आदि की शिकायतें भी यात्रियों ने की हैं। वहीं, सिक्योरिटी से संबंधी शिकायतें भी इसमें शामिल हैं, जिनका निराकरण आंधे घंटे के अंदर किया गया।
शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए भोपाल मंडल में वार रूम बनाया गया है। इसके माध्यम से यात्रियों को आंधे घंटे के अंदर सुविधा प्रदान की जा रही है।
- नवल अग्रवाल, एसीएम व प्रवक्ता, भोपाल रेल मंडल