भोपाल । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिले के धनोरा में तथा शहडोल में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के मंच पर भाजपा प्रत्याशी कुलस्ते का फोटो
मंडला के धनौरा में मंच पर रविवार को फ्लेक्स लगा दिया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं के साथ केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते का फोटो था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता हरकत में आए। उन्होंने फग्गन सिंह के फोटो को ढंक दिया। फिर उसी जगह कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह का फोटो लगाया। फ्लेक्स में हुई इस गलती को लेकर कोई भी कांग्रेसी नेता कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस के कई पदाधिकारी और नेता मौजूद रहेंगे
राहुल गांधी के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और नेता मौजूद रहेंगे।
मरकाम और फुंदेलाल सिंह चुनाव मैदान में
उल्लेखनीय है कि मंडला लोकसभा सीट से कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम और शहडोल लोकसभा सीट से विधायक फुंदेलाल सिंह मार्कों चुनाव लड़ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में आरक्षित 47 सीटों में कांग्रेस 22 सीटों पर जीती थी
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में आदिवासी सीटों पर कांग्रेस की स्थिति अन्य सीटों की तुलना में अच्छी रही है। एसटी के लिए आरक्षित 47 सीटों में कांग्रेस 22 सीटों पर जीती थी।
अब आदिवासी बहुल सीटों से उम्मीद
ऐसे में लोकसभा चुनाव में भी पार्टी को आदिवासी बहुल सीटों से उम्मीद है। दोनों सीटें पहले चरण के चुनाव में शामिल हैं, जहां 19 अप्रैल को मतदान होना है। विधानसभा चुनाव के पहले भी राहुल शहडोल जिले में ब्योहारी गए थे।











