बिजली ऑफिसों में हर मंगलवार को होगी जनसुनवाई:100-150 यूनिट खपत पर सब्सिडी ले रहे शहर के 1.25 लाख उपभोक्ताओं के मीटरों की जांच होगी

बिजली ऑफिसों में हर मंगलवार को होगी जनसुनवाई:100-150 यूनिट खपत पर सब्सिडी ले रहे शहर के 1.25 लाख उपभोक्ताओं के मीटरों की जांच होगी

शहर में महीनेभर में 100 यूनिट बिजली खपत पर ₹100 और 150 यूनिट पर 150 रुपए का बिल भरने वाले 1.25 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के मीटर चैक किए जाएंगे। साथ ही सर्विस लाइन भी चैक की जाएगी और खपत का पुराना डाटा भी खंगाला जाएगा। बिजली कंपनी ने इसकी मुहिम शुरू कर दी है। इन उपभोक्ताओं में कई वे लोग भी शामिल हैं जिनके यहां 3 किलोवाट या 5 किलो वाट से ज्यादा लोड का कनेक्शन है, लेकिन इनकी बिजली खपत महीने भर में 100 यूनिट और 150 यूनिट के आसपास है।

बिजली कंपनी के सिटी सर्कल के जनरल मैनेजर जाहिद अजीज खान ने बताया कि इस योजना के दायरे में आने वाले बिजली उपभोक्ताओं मासिक औसत खपत रोजाना 5 यूनिट से कम होनी चाहिए। इधर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने निर्देश दिए हैं कि विद्युत वितरण कंपनियों में जोन दफ्तरों और सभी ऑफिसों में हर मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच जनसुनवाई की जाए।

महंगी जमीन पर हवेली वाले भी ले रहे थे यह सब्सिडी
कंपनी द्वारा चलाई जा रही इस चैकिंग मुहिम की एक वजह यह भी है कि मुरैना में ऐसे लोग सब्सिडी ले रहे थे जिनकी महंगी जमीन पर हवेलियां बनी हुई हैं। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने स्वयं मुरैना जाकर इस कॉलोनी में अमले के साथ दबिश दी थी। इसके बाद से ही पूरे कंपनी क्षेत्र में यह मुहिम चालू की गई है।


Advertisement