सौदेबाज SI को बर्खास्त करने की तैयारी शुरू, पुराना रिकॉर्ड भी निकाल रहे

सौदेबाज SI को बर्खास्त करने की तैयारी शुरू, पुराना रिकॉर्ड भी निकाल रहे
भोपाल। शहर के निजी स्कूल में आठ वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के मामले में सौदेबाज एसआइ प्रकाश राजपूत की नौकरी पर खतरा मंडराने लगा है। आला अधिकारियों ने उसके आपराधिक कृत्य को देखते हुए बर्खास्तगी की तैयारी कर ली है। इसके लिए उसके पुराने रिकॉर्ड भी निकले जा रहे हैं। उधर, बच्ची से दुष्कर्म के मामले में उसके खिलाफ पुलिस को मजबूत साक्ष्य भी मिल गए हैं।

बता दें कि नर्मदापुरम रोड स्थित एक निजी स्कूल में आठ वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना पर मिसरोद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके करीब 13 दिन बाद पुलिस ने आरोपित स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

इस पूरे मामले में मिसरोद थाने में लंबे समय तैनात रहे एसआई प्रकाश राजपूत की भूमिका संदिग्ध थी और बच्ची की मां ने उस पर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप लगाए थे। एक लिखित आवेदन भी पुलिस को उसके खिलाफ दिया था।

इस आधार पर पुलिस ने उस पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने जब महिला और एसआई प्रकाश राजपूत की काल डिटेल निकाली तो उसमें दोनों के बीच 450 बार बातचीत का रिकॉर्ड मिला। इसके अलावा एसआई के विरुद्ध अन्य साक्ष्य भी मिले थे, जिसके आधार पर उसे निलंबित कर दिया गया था। अब उसके पुराने मामलों की रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। इसके बाद उन्हें बर्खास्त करने की कार्रवाई होगी।

Advertisement