ननि परिषद की बैठक में विपक्ष ने दिखाए तीखे तेवर, आज आएगा 'शहर सरकार' का बजट
Updated on
02 Jul 2024, 01:20 PM
भोपाल। शहर सरकार का प्रस्तावित वार्षिक बजट महापौर मालती राय द्वारा नगर निगम परिषद की बैठक में रखा जाएगा। आइएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय के सभा कक्ष में सुबह साढ़े ग्यारह बजे परिषद की बैठक शुरू हुई। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पहले एक घंटे के लिए प्रश्नकाल शुरू हुआ। इसमें नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने सत्तापक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अनियमित ढंग से वर्क आर्डर जारी करने को लेकर सवाल उठाया।नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी के सवाल का जवाब एमआईसी सदस्य जितेंद्र शुक्ला ने दिया कि अंतरिम बजट में कोई भी वर्क आर्डर जारी नहीं हुए हैं उधर नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने बंडल की कॉपी दिखाई कि यह देखिए कितने कामों को स्वीकृति मिली है। इस पर जितेंद्र शुक्ला ने सफाई देनी चाही, लेकिन नेता प्रतिपक्ष टेंडर की जानकारी देने की बात पर अड़ गईं। नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि 50 से ज्यादा टेंडर हुए हैं। सबसे ज्यादा टेंडर पार्षद रविंद्र यति के वार्ड के हुए हैं।2200 करोड़ का होगा बजट
नगर निगम के सूत्रों के मुताबिक 2200 करोड़ का बजट होगा तो वहीं प्रापर्टी, जल व मनोरंजन कर नहीं बढ़ाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने बताया, पिछले बजट के कई वादे पूरे नहीं हुए हैं, जबकि इनके लिए करोड़ों रुपये का प्रविधान किया गया था। पीएम आवास लोगों को नहीं मिले हैं। ये प्रोजेक्ट महीनों से अधूरे हैं। इस कारण लोगों को निगम कार्यालय तक का घेराव करना पड़ रहा है।
वहीं नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने परिषद बैठक से पहले तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सत्र के दौरान की जाने वाली व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि इस बार का बजट पिछले वर्ष के बजट से करीब 300 करोड़ रुपये कम होगा। पिछले साल 3306.31 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। इस बार 10 फरवरी को तीन महीने के लिए 808 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपये का अंतरिम बजट पेश हो चुका है, जबकि 2 जुलाई को करीब 2200 करोड़ रुपए का बजट और आएगा। ऐसे में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट करीब तीन हजार करोड़ रुपये का रहेगा।