भोपाल। जिले में लोकसभा चुनाव की ड्यूटी रद कराने के लिए कलेक्ट्रेट में अर्जियां पहुंचनी शुरू हो गई हैं। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों ने तरह-तरह की समस्याओं का जिक्र करते हुए आवेदन देना शुरू कर दिया है। अब तक लगभग एक हजार अर्जियां पहुंच चुकी हैं लेकिन इन पर कोई निर्णय अभी नहीं लिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण खत्म होने के बाद इन सभी अर्जियों पर निर्णय लिया जाएगा।
चल रहा चुनाव प्रशिक्षण का दौर
जानकारी के अनुसार लोकसभा सीट भोपाल में चुनाव कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस बार 2363 मतदान केंद्रों पर अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जिसमें करीब 16 हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके लिए इन कर्मचारियों को अलग-अलग दौर में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी बीच अधिकारी-कर्मचारियों ने ड्यूटी से राहत के लिए कलेक्ट्रेट में आवेदन देना शुरू कर दिए हैं। अब तक आए एक हजार आवेदनों में अधिकारी-कर्मचारियों ने तरह-तरह की समस्याएं बताई हैं।
इन वजहों से मांगी छुट्टी
एक आवेदनकर्ता ने गंभीर बीमारी से पीड़ित होने की वजह से राहत की मांग की है तो वहीं एक ने बताया कि परिवार में शादी समारोह होने की वजह से उसे अवकाश चाहिए। इतना ही नहीं, कुछ आवेदन ऐसे हैं, जिनमें महिला कर्मचारियों ने घरेलू कामकाज एवं स्वजनों का ध्यान रखने तक का जिक्र किया है। इन सभी आवेदनों को एसडीएम आदित्य जैन के द्वारा जमा कर लिया गया है, लेकिन इन पर अभी निर्णय होना बाकी है।
चुनाव के लिए सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिले के 2363 मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों सहित अन्य कामों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से एक हजार से अधिक कर्मचारियों ने चुनाव ड्यूटी से छुट्टी के आवेदन पेश किए हैं। इनकी जांच की जाएगी, जिसमें सही और उचित कारण होने पर निर्णय लिया जाएगा।
-हर्षल पंचोली, एडीएम











