चीन की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ रही है। वहां घरेलू मांग कमजोर है और कई उद्योगों को कारोबार में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर विदेशी कंपनियों की रणनीति पर भी दिखने लगा है। कंपनियां चीन पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारत, वियतनाम और दूसरे एशियाई देशों में कारोबार बढ़ा रही हैं। ऐसे में भारत के लिए ग्लोबल कंपनियों को आकर्षित करने का बड़ा मौका बन रहा है। चीन में घटती बिक्री और भारत में स्पोर्ट्सवियर की बढ़ती मांग के बीच नाइकी (Nike) ने भी अपनी रणनीति बदलने के संकेत दिए हैं। कंपनी अगले 5 साल में भारत में अपना कारोबार 3 गुना करना चाहती है।
क्या है नाइकी का प्लान?
अमेरिकी स्पोर्ट्सवियर कंपनी नाइकी इसी मौके को भुनाने की तैयारी में है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक कंपनी अगले 5 साल में भारत में अपना कारोबार 3 गुना करना चाहती है। इसके लिए वह क्रिकेट, रनिंग और ट्रेनिंग से जुड़े प्रोडक्ट पर फोकस करेगी। नाइकी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब चीन में उसका कारोबार लगातार दबाव में है। नाइकी पहले ही मुकेश अंबानी के मालिकाना हक वाली क्रिकेट फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के साथ साझेदारी कर चुकी है। कंपनी 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले क्रिकेट प्रोडक्ट की नई रेंज लॉन्च करने की योजना बना रही है।
भारत पर नजर क्यों?
भारत में स्पोर्ट्सवियर बाजार तेजी से बढ़ रहा है। यूरोमॉनिटर के अनुमान के मुताबिक, देश का यह बाजार साल 2030 तक 10% बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 14 अरब डॉलर का हो सकता है। इस बाजार में नाइकी के अलावा एसिक्स (Asics) और प्यूमा (Puma) जैसी ग्लोबल कंपनियां भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने में जुटी हैं। लोगों में फिटनेस को लेकर बढ़ती जागरूकता, रनिंग और दूसरे खेलों में बढ़ती भागीदारी से स्पोर्ट्सवियर की मांग बढ़ रही है।
चीन में धीमी पड़ी आर्थिक रफ्तार
चीन की जीडीपी ग्रोथ 2026 की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 4.5% रही। सरकार ने पूरे साल के लिए 4.5% से 5% ग्रोथ का लक्ष्य रखा है। वहीं, अक्टूबर में चीन का फैक्ट्री उत्पादन 4.8% बढ़ा, जबकि सितंबर में यह 5.5% था। चीन के रियल एस्टेट, कच्चे माल और घरेलू ऑटो बिक्री जैसे पारंपरिक क्षेत्रों पर दबाव है। चीन की अर्थव्यवस्था के सामने सबसे बड़ी चुनौती घरेलू मांग की कमजोरी है। अक्टूबर में वहां खुदरा बिक्री सिर्फ 0.4% बढ़ी। रियल एस्टेट सेक्टर में सुस्ती और निवेश में कमी के कारण कंपनियों को घरेलू बाजार से पर्याप्त मांग नहीं मिल रही है। ऐसे में वे दूसरे देशों में निर्यात पर ज्यादा निर्भर हो रही हैं।
भारत और वियतनाम बन रहे नए ठिकाने
चीन की ग्रोथ करीब 4.5% से 5% रहने का अनुमान है, जबकि 2026 के तुलनात्मक अनुमानों में भारत की ग्रोथ करीब 7% और वियतनाम की करीब 8.4% बताई गई है। तेज आर्थिक विकास, बड़ा बाजार और बढ़ती खपत इन देशों को विदेशी कंपनियों के लिए आकर्षक बना रहे हैं। इसके अलावा अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव, आयात शुल्क, भू-राजनीतिक जोखिम और चीन में बढ़ती लागत भी कंपनियों को अपनी सप्लाई चेन में बदलाव के लिए प्रेरित कर रहे हैं। कई कंपनियां अब चीन के साथ भारत, वियतनाम, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मैक्सिको जैसे देशों में भी उत्पादन शुरू कर रही हैं।
इन कंपनियों का भी चीन से मोहभंग
चीन में आर्थिक सुस्ती के कारण सिर्फ नाइकी ही वहां से अपना कारोबार नहीं घटा रही। पहले भी कई ग्लोबल कंपनी ऐसा कर चुकी हैं। दरअसल, चीन में सुस्ती और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच जापानी कंपनियां, Volkswagen, Mercedes-Benz और Jaguar Land Rover कारोबार घटा रही हैं। नाइकी भारत में विस्तार कर रही है, जबकि Starbucks और Burger King ने स्थानीय साझेदारों को हिस्सेदारी दी है। Google, Apple, Foxconn और Samsung प्रोडक्शन को भारत-वियतनाम में बढ़ा रही हैं।

