कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करोड़ों पीएफ खाताधारकों को बड़ी राहत दी है। संगठन ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ का पैसा एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या सालाना किस्तों में निकालने की सुविधा को मंजूरी दे दी है। इसे सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) कहा जाता है। इसके अलावा पीएफ खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की सीमा 25% से घटाकर 10% कर दी गई है। वहीं, नौकरी छूटने के बाद पूरा पीएफ निकालने के लिए इंतजार की अवधि भी 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दी गई है। ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (सीबीटी) की गुरुवार 19 नवंबर को हुई बैठक में ये फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने की।
हर महीने निकाल सकेंगे पीएफ का पैसा
ईपीएफओ ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ की रकम किस्तों में निकालने की सुविधा यानी एसडब्ल्यूपी को मंजूरी दी है। अभी तक कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने पीएफ खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकाल सकते थे। लेकिन नई सुविधा के तहत अब वे अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने, तीन महीने या साल में एक बार पैसा निकाल सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पीएफ खाते में बची हुई रकम पर ब्याज मिलता रहेगा। यानी खाताधारक को नियमित आमदनी भी होती रहेगी और उसकी बची हुई रकम भी बढ़ती रहेगी।
क्या है एसडब्ल्यूपी?
सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) ऐसी सुविधा है, जिसमें निवेशक अपने जमा पैसे में से एक तय रकम नियमित अंतराल पर निकाल सकता है। बाकी पैसा निवेश में बना रहता है और उस पर रिटर्न मिलता रहता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी के पीएफ अकाउंट में रिटायरमेंट के समय 50 लाख रुपये जमा हैं, तो वह पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने कुछ पैसा निकाल सकता है। बाकी रकम पर ईपीएफओ के तय ब्याज के हिसाब से कमाई जारी रहेगी।
अब सिर्फ 10% रकम रखना जरूरी
ईपीएफओ ने पीएफ खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की शर्त भी आसान कर दी है। पहले कर्मचारियों को अपने पीएफ खाते में कम से कम 25% रकम रखनी पड़ती थी। अब इसे घटाकर 10% कर दिया गया है। इसका मतलब है कि 55 साल तक की उम्र वाले कर्मचारी जरूरत पड़ने पर अपने PF खाते में जमा रकम का 90% तक निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75% तक थी।
नौकरी छूटने पर 2 महीने में निकाल सकेंगे पूरा पैसा
ईपीएफओ ने नौकरी छूटने के बाद पीएफ निकालने की समय सीमा भी कम कर दी है। पहले कर्मचारी को नौकरी छूटने के बाद पूरा पीएफ निकालने के लिए 12 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब यह अवधि घटाकर 2 महीने कर दी गई है। पहले के नियम के मुताबिक, नौकरी जाने पर कर्मचारी तुरंत अपने पीएफ बैलेंस का 75% निकाल सकता था। बाकी 25% रकम निकालने के लिए उसे 12 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब नई व्यवस्था के तहत नौकरी छूटने के 2 महीने बाद पूरा PF निकालने का विकल्प मिलेगा। हालांकि पेंशन फंड (EPS) की अंतिम निकासी के लिए 36 महीने की न्यूनतम इंतजार अवधि में बदलाव नहीं किया गया है।
क्या हैं पीएफ का पैसा निकालने के नियम?
ईपीएफ में जमा पैसा कर्मचारी जरूरत पड़ने पर निकाल सकते हैं। इसके लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अलग-अलग नियम बनाए हैं। मेडिकल खर्च, बच्चों की पढ़ाई, शादी और मकान खरीदने जैसी जरूरतों के लिए पीफ का कुछ पैसा निकाला जा सकता है। वहीं, रिटायरमेंट, स्थायी दिव्यांगता और नौकरी छूटने जैसी स्थितियों में पूरा पैसा निकालने की सुविधा है। अब बात आती है कि क्या पीएफ का पैसा निकालने पर टैक्स लगता है? यह इस बात पर निर्भर करता है कि कर्मचारी ने कितने साल तक नौकरी की है। कुछ मामलों में 10% टीडीएस लग सकता है।

