कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को कहा कि वह 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी उम्र का हवाला दिया। वह अपने समर्थकों, पार्टी नेताओं और कायकर्ताओं की इस मांग पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि उन्हें अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए और चुनाव में उतरना चाहिए।
अब मैं 80 साल का हो गया हूं- सिद्धारमैया
सिद्धारमैया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ''इस उम्र में कोई क्या ही कह सकता है? अब मैं 80 साल का हो गया हूं। इसलिए मैंने कहा है कि मैं अगला चुनाव नहीं लड़ूंगा।'' उन्होंने पहले घोषणा की थी कि वह 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के तौर पर किस्मत नहीं आजमाएंगे। उन्होंने तब भी बढ़ती उम्र का हवाला देते हुए कहा था कि राजनीति 'बहुत दूषित' हो गई है।
सिद्धारमैया ने 28 मई को सीएम पद से दिया था इस्तीफा
हालांकि, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सिद्धारमैया ने कहा था कि वह राजनीति में सक्रिय रहेंगे। जनता की मुश्किलों तथा उनकी भलाई से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। सिद्धरमैया ने पिछले 28 मई को कांग्रेस आलाकमान के कहने पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। डीके शिवकुमार के इस पद पर आसीन होने का रास्ता साफ कर दिया था।
किताब के विमोचन पर पांचवीं पंक्ति पर बैठे थे सिद्धारमैया
उन्होंने विपक्षी नेताओं के इन दावों को भी खारिज किया है कि उन्हें कांग्रेस में दरकिनार किया जा रहा है। सिद्धारमैया ने कहा कि दिल्ली में हाल में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण के विमोचन के मौके पर उन्हें पांचवीं कतार में बैठाया गया था। उन्होंने कहा, ''मैं पुस्तक के विमोचन समारोह में देरी से पहुंचा था। इसलिए पांचवीं कतार में बैठा।''
21 मई 2028 तक है मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल
बता दें कि दक्षिण भारत के प्रमुख राज्यों में शामिल कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन को कम से कम 113 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी। राज्य में पिछला विधानसभा चुनाव मई 2023 में हुआ था। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 21 मई 2028 तक है।
ऐसे में कर्नाटक में अगला विधानसभा चुनाव मई 2028 तक होने की संभावना है। हालांकि, चुनाव की सटीक तारीखों का ऐलान अभी चुनाव आयोग की ओर से नहीं किया गया है।

