नीमच, मंदसौर और सिवनी के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स शुरू करने फिर होगा निरीक्षण

नीमच, मंदसौर और सिवनी के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स शुरू करने फिर होगा निरीक्षण
भोपाल। राज्य सरकार ने बजट में सिवनी, मंदसौर और नीमच में इसी वर्ष से मेडिकल कालेज में प्रवेश शुरू करने की बात कही है, पर नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने फैकल्टी की कमी के चलते तीनों कॉलेजों को मान्यता देने से इन्कार कर दिया है। अब शासन की ओर से फिर एनएमसी को पत्र लिखकर निरीक्षण की मांग की जाएगी।इस बीच तीनों कॉलेजों में फैकल्टी की भर्ती के साथ ही कुछ फैकल्टी का दूसरे कॉलेजों से स्थानांतरण किया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय इन कॉलेजों में अब 150-150 की जगह सौ-सौ एमबीबीएस सीटों में प्रवेश की अनुमति देने की मांग करेगा।

15 दिन के अंदर ही फैकल्टी की कमी पूरी होगी

मान्यता के लिए नए सिरे से तैयारी करने के संबंध में मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान ने चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के अधिकारियों साथ बैठक की। इसमें तय किया गया है कि 15 दिन के भीतर फैकल्टी की कमी पूरी करने के लिए नई नियुक्तियां की जाएंगी।

114 फैकल्टी की जरूरत है, तीनों कॉलेजों के लिए

साथ ही दूसरे कॉलेज से आवश्यकता के अनुसार फैकल्टी का स्थानांतरण किया जाएगा। इन तीनों कालेजों में 114 फैकल्टी की आवश्यकता है, लेकिन 40 भी पदस्थ नहीं हैं। फैकल्टी के अतिरिक्त बाकी तैयारी विभाग की पूरी है। उल्लेखनीय है कि ये कॉलेज भारत सरकार की सहयोग से प्रारंभ किए जा रहे हैं। 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार दे रही है।

वर्ष 2018 में छह कॉलेज खोलने की स्वीकृति केंद्र सरकार ने दी थी, जिसमें इन तीन कॉलेज के अतिरिक्त राजगढ़, श्योपुर और सिंगरौली भी शामिल थे। प्रदेश सरकार ने पहले तो केंद्र से एमओयू करने में देरी की। इसके बाद भवन निर्माण और अब फैकल्टी की भर्ती में देरी के कारण छह में से तीन कॉलेज खुल पाना भी कठिन लग रहा है।


Advertisement