प्रचार की कमान कमल नाथ, उनकी पत्नी अलका नाथ, नकुल नाथ और उनकी पत्नी प्रिया नाथ ने संभाल रखी है। यहां कांग्रेस का कोई बड़ा नेता अब तक चुनाव प्रचार करने नहीं आया है। वहीं, भाजपा ने अपनी पूरी टीम छिंदवाड़ा में उतार दी है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी चुनावी प्रचार में सड़क मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। दरअसल, भाजपा हाईकमान के ही स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विमान या हेलीकाप्टर का कम से कम उपयोग किया जाए और बूथ स्तर तक सड़क पर उतरकर जनता से संवाद हो।
नाथ परिवार 44 साल की सेवा का वास्ता देकर मांग रहा वोट
कमल नाथ का पूरा परिवार छिंदवाड़ा में 44 साल में किए गए कार्यों का वास्ता देकर वोट मांग रहा है। कमल नाथ प्रत्येक सभा में भावुक होते देखे जा रहे हैं। नकुल नाथ और उनकी पत्नी भी कमल नाथ द्वारा छिंदवाड़ा की जनता की सेवा में बिताएं वर्षों का उल्लेख करते हुए जनता से सहानुभूति पाने की कोशिश में जुटे हैं। कम समय में अधिक से अधिक लोगों से संपर्क किया जा सके, इसके लिए हेलीकाप्टर का उपयोग किया जा रहा है और गांव -गांव तक रोड शो और सभाएं की जा रही है।
कमल नाथ और नकुल नाथ अब छिंदवाड़ा में जनता के बीच जाने लायक भी नहीं बचे हैं। उन्हें पता है कि उनको सुनने और उनकी बात पर विश्वास करने कोई आने नहीं वाला है। इसलिए वे आते हैं हेलीकाप्टर से हाथ हिलाते हैं और जो भीड़ हेलीकाप्टर देखने आती है उन्हें नमस्ते करके चले जाते हैं। छिंदवाड़ा की जनता मन बना चुकी है कि अब उन्हें कमल खिलाना है।
- डा. हितेष वाजयेपी, अध्यक्ष आरोप पत्र समिति, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा











