भोपाल । साहू समाज की आराध्य मां कर्मा देवी की जयंती पांच अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस मौके पर शहर में घोड़ा नक्कास, बरखेड़ी, भेल, करोद, छोला, आनंद नगर, बैरसिया, कोलार आदि में भव्य आयोजन होंगे। साहू समाज के लोग मां कर्मा देवी की पूजा-अर्चना करेंगे। पुराने शहर में मां कर्मा देवी की शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
साहू समाज के संयोजक एवं पूर्व अध्यक्ष अनिल साहू अकेला, अध्यक्ष विनोद साहू ने बताया कि घोड़ा नक्कास स्थित मां कर्मा देवी मंदिर में जयंती के मौके पर सुबह विशेष अनुष्ठान होंगे। मां कर्मा देवी को इमरत बाई साहू एवं गणेश प्रसाद साहू छन्नू भैया की स्मृति में उनके परिवार द्वारा खिचड़ी का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
यह रहेगा शोभायात्रा का मार्ग
सुबह पूजा-अर्चना के पश्चात दोपहर तीन बजे समाज के घोड़ा नक्कास स्थित मंदिर से एक शोभा यात्रा प्रारंभ होगी। जो मंगलवारा, इतवारा, सुभाष चौक, लखेरा पुरा, भवानी चौक, सोमवारा, जवाहर चौक, जुमेराती से होती हुई वापस मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। इसमें बैंड, ढोल ,नृत्य करते हुए घोड़े विशेष साज-सज्जा सहित मां कर्मा के जीवन पर आधारित झांकियां, राधा-कृष्ण की नृत्य करती हुई झांकियों के अलावा छतरी एवं कलश लिए महिलाएं शामिल रहेंगी। शाम को मंदिर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उसमें गणमान्य अतिथि एवं अखिल भारतीय, प्रदेश, जिला एवं समस्त इकाइयों के पदाधिकारी महिला मंडल के पदाधिकारी युवा साथी उपस्थित रहेंगे।











